विराट कोहली ने IPL में रचा इतिहास, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने

कुछ दिन पहले ही उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नाबाद शतक लगाया था और टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी बनाया था।

  • Written By:
  • Publish Date - May 17, 2026 / 04:06 PM IST

धर्मशाला: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने आईपीएल 2026 में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में कोहली ने इतिहास रचते हुए आईपीएल में किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए ओपनर (Opener) के तौर पर 5500 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।

मैच से पहले विराट कोहली को इस खास उपलब्धि तक पहुंचने के लिए सिर्फ 7 रन की जरूरत थी। उन्होंने अजमतुल्लाह ओमरजई की गेंद पर शानदार छक्का लगाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के बाद स्टेडियम में मौजूद फैंस ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया।

विराट कोहली पिछले कई सालों से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कोहली अब तक कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। इससे पहले भी वह आईपीएल में 9000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज और सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन चुके हैं।

आईपीएल 2026 में विराट कोहली शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नाबाद शतक लगाया था और टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी बनाया था।

कोहली की इस उपलब्धि के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनकी तारीफ कर रहे हैं। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि विराट की फिटनेस, निरंतरता और बड़े मैचों में प्रदर्शन उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। आईपीएल में उनका यह रिकॉर्ड लंबे समय तक टूटना मुश्किल माना जा रहा है।