CG-Political Story : सियासी जंग में चमका ‘विजय शर्मा’ का सितारा! जिला पंचायत से ‘डिप्टी CM’ का सफर

By : madhukar dubey, Last Updated : December 14, 2023 | 12:27 am

  • कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली

  • रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा की चुनावी जंग से पूर्व ही उन्होंने 18 लाख गरीबों को पीएम आवास नहीं मिलने पर आंदोलन छेड़ा था। जिसे बाद में बीजेपी ने उसे सियासी मुद्दा बनाया। इसके बाद वे इस आंदोलन के संयोजक भी बने। उनकी अगुवाई में यह आंदोलन बड़ी तीव्र गति से चला। इसकी गूंज गांव-गांव तक पहुंची। नतीजा, आज सबके सामने है। वैसे यह लड़ाई सामूहिक लड़ी गई। जिसका मार्गदर्शन बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की देखरेख और मार्गदर्शन में पूरा हुआ था। लेकिन इस पूरे आंदोलन को विजय शर्मा (Vijay Sharma) ने धार देने का काम किया। चाहे वह सार्वजनिक मंच हो या फिर सोशल मीडिया का। इसके अलावा उन्होंने कवर्धा में कांग्रेस के दिग्गज नेता और मंत्री मोहम्मद अकबर को चुनावी मैदान में करारी पटखनी दी। ऐसे में छत्तीसगढ़ की सियासत में चमके इस सियासी सितारे को बीजेपी ने डिप्टी सीएम बनाया।

    • बहरहाल, कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ (Oath of Deputy Chief Minister) ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में डिप्टी सीएम की शपथ ली। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में विशाल जनसमूह के बीच राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विधायक विजय शर्मा का सार्वजनिक जीवन यशस्वी रहा है। उन्होंने कबीरधाम जिला पंचायत के सदस्य से लेकर उपमुख्यमंत्री पद तक का सफर उन्होंने तय किया है।

    विजय शर्मा विधानसभा चुनाव 2023 में पहली बार कवर्धा विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने है। श्री शर्मा मूलतः कवर्धा के निवासी है। उप मुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा का जन्म 19 जुलाई 1973 को एक किसान परिवार में हुआ।

    • भौतिकशास्त्र में स्नातकोत्तर विजय शर्मा ने इसके साथ ही इंग्लिश लेग्वेज में डिप्लोमा लिया। श्री शर्मा ने छात्र जीवन से ही सार्वजनिक जीवन में कदम रख लिया था। डिप्टी सीएम बने श्री शर्मा क्रिकेट, पर्यटन, कविता पाठ एवं भाषण में गहन रुचि रखते हैं। क्रिकेट में वे राज्य स्तरीय स्पर्धाओं में हिस्सा ले चुके हैं और एथलेटिक्स में भी उन्होंने पुरस्कार जीते हैं।
    • शर्मा निरंतर क्षेत्र के मुद्दों को प्रमुखता से रखते आये हैं तथा सार्वजनिक जीवन में निरंतर सक्रिय रहकर जनकल्याण का कार्य करते आये हैं। खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी गंभीर रुचि रखते हैं। पर्यटन और अध्ययन उन्हें प्रिय है। डिप्टी सीएम शर्मा छत्तीसगढ़ी, हिंदी और अंग्रेजी में अच्छी पकड़ रखते हैं।

    शपथ ग्रहण समारोह मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्यसभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विशेष रूप से उपस्थित थे। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी हजारों लोग बनें।

    यह भी पढ़ें : जब घर लौटे! विष्णुदेव साय की ‘धर्मपत्नी’ ने उनकी उतारी आरती! मां ने दी आशीष

    यह भी पढ़ें : CG-Political Story : 2028 में ‘दोबारा सत्ता’ में आने की BJP ने लिख ‘डाली’ पटकथा!