शराब घोटाला केस: 379 दिन बाद जेल से बाहर आए कवासी लखमा, कार्यकर्ताओं के साथ गाड़ी पर निकले, सड़क पर लगा लंबा जाम

By : hashtagu, Last Updated : February 4, 2026 | 7:40 pm

रायपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के शराब घोटाला (Liquor Scam) मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा 379 दिन बाद रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हो गए। जेल से बाहर निकलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। रिहाई के बाद लखमा ने कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन से गले मिलकर अभिवादन किया और फिर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

जेल से बाहर निकलने के बाद कवासी लखमा एक गाड़ी पर सवार होकर निकले, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इस दौरान जेल के बाहर और आसपास की सड़कों पर लंबा जाम लग गया। इसके बाद वे सीधे अपने आवास के लिए रवाना हुए।

इस बीच कवासी लखमा की पत्नी बुधरी लखमा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पति की रिहाई का इंतजार करते-करते वे काफी कमजोर हो गई थीं। उन्होंने बताया कि चिंता के कारण उनका खाना-पीना भी कम हो गया था। अब पति के बाहर आने से उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) से जुड़े मामलों में उन्हें अंतरिम जमानत दी है।

हालांकि, जमानत की शर्तों के तहत कवासी लखमा को छत्तीसगढ़ से बाहर रहना होगा। वे केवल कोर्ट में पेशी के दौरान ही राज्य में प्रवेश कर सकेंगे। इसके अलावा उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करना होगा और अपना वर्तमान पता व मोबाइल नंबर संबंधित पुलिस थाने में दर्ज कराना अनिवार्य होगा।

ED ने कवासी लखमा को 15 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उनसे 7 दिन की रिमांड पर पूछताछ की गई। इसके बाद 21 जनवरी से 4 फरवरी तक वे न्यायिक रिमांड पर रहे और तब से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद थे।