पूतिन के सम्मान में शाही दावत अचार वाले बैंगन से लेकर दाल तड़का तक भारतीय जायकों ने जीता दिल

By : hashtagu, Last Updated : December 6, 2025 | 4:36 pm

नई दिल्ली: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin0 के सम्मान में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित भव्य स्टेट डिनर में भारत के अलग अलग क्षेत्रों के स्वादिष्ट व्यंजनों की झलक दिखाई दी। यह डिनर पुतिन की भारत यात्रा का अंतिम प्रमुख कार्यक्रम था और इसमें भारतीय खानपान की विविधता और समृद्धि को खूबसूरती से पेश किया गया।

स्टार्टर में गूच्ची दून चेटिन यानी कश्मीरी भरवां गुच्छी मशरूम को अखरोट की खास चटनी के साथ परोसा गया। मुख्य कोर्स में अचारी बैंगन और येलो दाल तड़का जैसे भारतीय व्यंजन चमकते रहे। इनके साथ सूखे मेवे और केसर से सजे पुलाव तथा लच्छा परांठा और मगज नान जैसी भारतीय रोटियां भी परोसी गईं।

टेबल पर बंगाल का गुर संदेश और दक्षिण भारत का कुरकुरा स्नैक मुरुक्कू भी रखा गया था। इन क्षेत्रीय खासियतों ने मेन्यू को और भी आकर्षक बना दिया।

दावत के दौरान माहौल को सांस्कृतिक रंग देने के लिए नेवी बैंड और शास्त्रीय वादकों ने भारतीय शास्त्रीय धुनों, लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों और रूसी कम्पोजिशन्स का अद्भुत मिश्रण प्रस्तुत किया। शाहरुख खान की फिल्म फिर भी दिल है हिंदुस्तानी का गीत बजाया गया जबकि रूसी लोक धुन कलींका और राग अमृतवार्षिणी और नालिनकांठी भी पेश किए गए। शास्त्रीय कलाकारों ने सरोद सरंगी और तबला पर प्रस्तुति देते हुए प्रसिद्ध रूसी संगीतकार त्चाइकोवस्की की द नटक्रैकर सूट को भी सलाम किया।

दिल्ली की सर्द रात को ध्यान में रखते हुए डिनर का समापन बादाम के हलवे जैसे गर्म और सुकून देने वाले मिठाई के साथ हुआ।