दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग का तांडव: होटल-रेस्तरां में 21 की मौत, 40 से ज्यादा लोगों को बचाया गया
By : hashtagu, Last Updated : June 3, 2026 | 3:30 pm
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली (Delhi) के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक होटल और रेस्तरां (Restaurant) वाले भवन में लगी भीषण आग (Fire) में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 9 बजे के आसपास मालवीय नगर स्थित एक बहुमंजिला भवन में लगी। भवन के ग्राउंड फ्लोर पर रेस्तरां संचालित था, जबकि ऊपर के हिस्से में बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल (Bed & Breakfast Hotel) और गेस्ट हाउस चल रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग अंदर फंस गए। कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से कूदना पड़ा। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर लोगों की जान बचाने की कोशिश की।
दिल्ली फायर सर्विस को आग लगने की सूचना मिलने के बाद कई दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बचाव अभियान के दौरान 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की भी है। इनमें मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। कई विदेशी नागरिक पास के निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों के परिजन थे और इसी होटल में ठहरे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग नीचे के हिस्से से शुरू हुई और तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। धुएं और लपटों के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल सके। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में लोग खिड़कियों से मदद की गुहार लगाते और जान बचाने के लिए छलांग लगाते दिखाई दिए।
प्रारंभिक जांच में आग का स्रोत रेस्तरां बताया जा रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रशासन ने कहा है कि घायलों के इलाज और राहत कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
VIDEO | Delhi Malviya Nagar Hotel Fire: Fire brigade and other emergency response teams continue relief operations at the incident site.
A massive fire broke out in a bed and breakfast hotel in south Delhi’s Malviya Nagar killing at least 21 people. Several of those killed are… pic.twitter.com/Zjbvh80Kf4
— Press Trust of India (@PTI_News) June 3, 2026




