कनाडा की नई विदेश मंत्री बनीं भारतीय मूल की अनीता आनंद, भगवद गीता पर रखकर ली शपथ
By : hashtagu, Last Updated : May 14, 2025 | 12:07 pm
नई दिल्ली/ओटावा: भारत के लिए एक गर्व की खबर कनाडा (Canada) से सामने आई है। भारतीय मूल की वरिष्ठ राजनेता अनीता आनंद को कनाडा की नई विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। उन्होंने हिंदू धर्मग्रंथ भगवद गीता पर हाथ रखकर पद की शपथ ली। यह परंपरा उन्होंने अपनी पिछली कैबिनेट शपथों के दौरान भी निभाई थी।
प्रधान मंत्री मार्क कार्नी ने हाल ही में अपनी लिबरल कैबिनेट में बड़ा फेरबदल किया है, जिसमें अनीता आनंद को विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई। वे अब तक कनाडा की रक्षा मंत्री रह चुकी हैं और अपनी अनुशासित कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मेलानी जोली का स्थान लिया है, जिन्हें अब उद्योग मंत्री बनाया गया है।
कौन हैं अनीता आनंद?
अनीता आनंद, 58 वर्ष की हैं और कनाडा की लिबरल पार्टी की एक सीनियर नेता हैं। उन्होंने 2025 का संघीय चुनाव ओकविले ईस्ट से जीतकर संसद में वापसी की है। वे 2019 से 2025 तक हाउस ऑफ कॉमन्स में ओकविले राइडिंग सीट का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
अब तक वे कई अहम पदों पर रह चुकी हैं:
-
सार्वजनिक सेवा और खरीद मंत्री
-
राष्ट्रीय रक्षा मंत्री
-
परिवहन और आंतरिक व्यापार मंत्री
-
ट्रेजरी बोर्ड की अध्यक्ष
उनकी कार्यशैली को विशेष रूप से रक्षा मंत्रालय में संकट प्रबंधन और रणनीतिक सोच के लिए सराहा गया है।
I am honoured to be named Canada’s Minister of Foreign Affairs. I look forward to working with Prime Minister Mark Carney and our team to build a safer, fairer world and deliver for Canadians. pic.twitter.com/NpPqyah9k3
— Anita Anand (@AnitaAnandMP) May 13, 2025
पारिवारिक पृष्ठभूमि
अनीता आनंद का जन्म 20 मई 1967 को केंटविले, नोवा स्कोटिया में हुआ था। उनके माता-पिता डॉ. सरोज डी. राम (पंजाब) और डॉ. एस.वी. आनंद (तमिलनाडु) भारत से 1960 के दशक की शुरुआत में कनाडा गए थे। उनकी दो बहनें हैं — गीता और सोनिया।
अनीता ने 1995 में वकील और बिजनेस एग्जीक्यूटिव जॉन नोल्टन से विवाह किया। उनके चार बच्चे हैं और पूरा परिवार ओकविले में रहता है।
इतिहास रचने वाली नेता
वह कनाडा की फेडरल कैबिनेट में सेवा देने वाली पहली हिंदू हैं। अपने शांत, अनुशासित और निर्णयात्मक नेतृत्व के लिए उन्हें कनाडा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा मिली है।