नेपाल में यालुंग री पर बर्फ का पहाड़ टूटा, 7 पर्वतारोहियों की मौत

By : dineshakula, Last Updated : November 3, 2025 | 9:59 pm

काठमांडू। नेपाल (Nepal) के उत्तर-पूर्वी हिस्से में यालुंग री पर्वत पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। 5,630 मीटर ऊंची इस चोटी के बेस कैंप के पास बर्फ का पहाड़ टूटने से 7 पर्वतारोहियों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हैं और 4 अब भी लापता हैं।

मृतकों में 3 अमेरिकी, 1 कनाडाई, 1 इतालवी और 2 नेपाली नागरिक शामिल हैं। यह जानकारी डोलखा जिले की पुलिस ने दी। यह इलाका बागमती प्रांत के रोलवालिंग वैली में स्थित है, जो नेपाल-चीन सीमा के करीब है।

पुलिस और रेस्क्यू टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसा सोमवार सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब 15 पर्वतारोहियों की टीम गौरीशंकर और यालुंग री की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान अचानक हिमस्खलन आया और बेस कैंप को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय वार्ड अध्यक्ष निंगगेली शेरपा ने बताया कि सुबह से ही प्रशासन को मदद के लिए कई बार सूचना दी गई, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन देर से शुरू हुआ। रोलवालिंग क्षेत्र प्रतिबंधित इलाका होने के कारण हेलिकॉप्टर की उड़ान अनुमति में देरी हुई, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हुआ।

पुलिस के अनुसार, नेपाल आर्मी, नेपाल पुलिस और आर्म्ड पुलिस फोर्स को राहत व बचाव अभियान में लगाया गया है। एक हेलिकॉप्टर भी मौके पर भेजा गया, लेकिन खराब मौसम के कारण वह दुर्घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका।

यालुंग री क्षेत्र तकनीकी रूप से कठिन और एवलॉन्च-प्रोन इलाका माना जाता है। यहां ट्रैकिंग के लिए विदेशी पर्वतारोहियों को विशेष परमिट लेना जरूरी होता है। इस क्षेत्र में पहले भी हिमस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं। 2019 में फ्रेंच पर्वतारोहियों की टीम यहां फंस गई थी, जबकि 2015 के भूकंप के बाद भी कई पर्वतारोही इसी इलाके में मारे गए थे।