रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने की कोशिश में चीन – भारतीय जानकार
By : hashtagu, Last Updated : February 23, 2023 | 9:12 pm
राजामोहन के अनुसार, इन दिनों जिस तरह चीन के राष्ट्रपति के नजदीकी माने जाने वाले चीन के पूर्व विदेश मंत्री वांग यी फ्रांस, जर्मनी, इटली और यूक्रेन का दौरा कर रहे हैं, उससे साफ है कि वे अपने राष्ट्रपति के संदेश को लेकर घूम रहे हैं एवं रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को रोकने की कोशिश में हैं। वांग यी का प्रयास है कि किसी तरह से शांति के रास्ते को सुनिश्चित किया जा सके। राजामोहन ने कहा कि वांग यी मास्को में रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात कर सकते हैं। वांग ने संकेत दिया है कि शी जिनपिंग अपने भाषण में यूक्रेन में क्षेत्रीय संप्रभुता को बरकरार रखने के महत्व को रेखांकित करेंगे। साथ ही यह सुनिश्चित करेंगे कि रूस के वैधानिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस बीच यूरोप भी शी जिनपिंग पर निगाह लगाए बैठा है। यूरोप को उम्मीद है कि शी जिनफिंग ही रूस और यूक्रेन को नजदीक ला सकते हैं और युद्ध को बंद करा सकते हैं।
राजामोहन कहते हैं कि चीन के इस प्रयास में भारत भी अहम भूमिका निभा सकता है। उनके मुताबिक, चीनी नेता वांग यी ने अपनी तरफ से कहा है कि चीन अपनी योजना में संप्रभुता, क्षेत्रीय एकजुटता और संयुक्त राष्ट्र के चार्टर पर जोर देगा। उन्होंने कहा कि रूस के वास्तविक सुरक्षा हितों के सम्मान की जरूरत है।