मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलीकॉप्टर डेढ़ महीने में दूसरी बार खराब, सारंगढ़-बिलाईगढ़ का दौरा प्रभावित
By : dineshakula, Last Updated : August 11, 2025 | 5:45 pm
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलीकॉप्टर डेढ़ महीने में दूसरी बार तकनीकी खराबी का शिकार हुआ। सोमवार को उन्हें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दौरे पर रवाना होना था, लेकिन हेलीकॉप्टर में आई खराबी के कारण उनका दौरा प्रभावित हो गया। पुलिस लाइन हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर की मेंटनेंस प्रक्रिया 45 मिनट तक चली, इस दौरान सीएम वेटिंग रूम में इंतजार करते रहे। जब हेलीकॉप्टर की कमी ठीक नहीं हुई, तो उन्होंने सड़क मार्ग से सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए रवाना होने का निर्णय लिया।
नए शेड्यूल के मुताबिक, सीएम साय अब 3 बजे सारंगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौजूद थे।
दौरे का प्रभावित शेड्यूल
मुख्यमंत्री का आज का दौरा पहले से निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक प्रभावित हुआ। 11 अगस्त को, उन्हें सुबह 11:25 बजे मुख्यमंत्री निवास से पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचना था और 12:15 बजे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय पहुंचने का कार्यक्रम था। हालांकि, हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी दिक्कत के कारण पूरी योजना में बदलाव आया। अब सभी कार्यक्रमों के समय में बदलाव किया गया है।
सीएम साय को आज 17 कार्यक्रमों में शिरकत करनी थी, जो अब 12:15 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक होंगे। सीएम ने सुबह 11:20 बजे अपने निवास से प्रस्थान किया था, लेकिन हेलीकॉप्टर की खराबी के कारण उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी।
पहली बार नहीं आई तकनीकी खराबी
यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या आई हो। इससे पहले 21 जून को जशपुर दौरे के दौरान भी हेलीकॉप्टर में दिक्कत आई थी, जिसके बाद सीएम का दौरा प्रभावित हुआ था। इसके अलावा, 16 अक्टूबर 2024 को बस्तर प्रवास के दौरान भी हेलीकॉप्टर में खराबी आई थी, तब झारखंड से हेलीकॉप्टर मंगवाकर दौरा जारी किया गया था।
हेलीकॉप्टर की खराबी और इससे जुड़े सवालों पर फिलहाल सीएम की सिक्योरिटी टीम या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।




