छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से तबाही: बलरामपुर में बांध टूटा, 5 की मौत, बस्तर में ढहे 200 घर

By : hashtagu, Last Updated : September 4, 2025 | 12:25 pm

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर कहर बनकर बरस रहा है। बलरामपुर जिले के लुत्ती गांव में भारी बारिश के चलते एक पुराना बांध टूट गया, जिससे निचले इलाके के चार घर बह गए। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक बच्ची और तीन महिलाएं शामिल हैं। दो अन्य लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। 6 साल के कार्तिक सिंह का शव आज मिला, जबकि बाकी 4 की लाशें पहले ही बरामद की जा चुकी थीं।

बारिश की मार सिर्फ बलरामपुर तक सीमित नहीं रही। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और बस्तर जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण अब तक 200 से ज्यादा मकान ढह चुके हैं। 2196 लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है, जिन्हें स्कूल, इंडोर स्टेडियम और आश्रमों में अस्थायी तौर पर ठहराया गया है। बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारसूर में स्टेट हाईवे-5 पर पुल टूट चुका है, और अब ग्रामीण उस पर सीढ़ी बांधकर आवागमन कर रहे हैं। यह इलाका नारायणपुर, बस्तर और बीजापुर के 60 से ज्यादा गांवों के लिए प्रमुख बाजार स्थल है।

राज्य के सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में आज भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं रायपुर, बिलासपुर, मुंगेली, रायगढ़ सहित 10 जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। राजधानी रायपुर में भी देर रात से रुक-रुककर बूंदाबांदी जारी है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण प्रदेश में अगले 24 घंटे और भारी हो सकते हैं। बीते 24 घंटों में बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर और बस्तर संभागों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में सबसे अधिक तापमान 31.6°C और राजनांदगांव में सबसे कम 20.5°C रहा।

मानसून और लो प्रेशर एरिया का विज्ञान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका एक निम्न दबाव रेखा होती है जो उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पूर्व भारत तक फैली होती है। जब बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में लो प्रेशर एरिया बनता है, तो वही भारी बारिश और कभी-कभी चक्रवात का कारण बनता है। गर्मी से हवा ऊपर उठती है, जिससे दबाव घटता है और वह स्थान लो प्रेशर ज़ोन बन जाता है। यही हवा जब ऊपर जाकर ठंडी होती है, तो बारिश और तूफान को जन्म देती है।

छत्तीसगढ़ में लगातार सक्रिय मानसून और लो प्रेशर सिस्टम के चलते आगामी दिनों में और अधिक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।