आत्मनिर्भर भारत अभियान में जीएसटी बना गेमचेंजर: रायपुर में भाजपा की कार्यशाला

By : dineshakula, Last Updated : September 20, 2025 | 11:37 am

रायपुर:  कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी (GST) सुधारों को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी में किए गए सुधार आम जनता और कारोबारियों दोनों के लिए फायदेमंद साबित होंगे। उन्होंने बताया कि टैक्स स्लैब को सरल बनाने और कर की दरें घटाने से लोगों की बचत बढ़ेगी और व्यापार करना आसान होगा। खास तौर पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में मौजूद सांसद सीपी जोशी ने जीएसटी में चार टैक्स स्लैब को घटाकर दो करने के फैसले को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य है कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को हर नागरिक तक पहुंचाया जाए और इसके लिए अगले तीन महीनों में महिला और युवा उद्यमियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की सोच तभी पूरी होगी जब लोग अपने रोजमर्रा के जीवन में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत पहले ही योग और आयुर्वेद के जरिए विश्व में अपनी पहचान बना चुका है, अब समय है कि देश की अर्थव्यवस्था को भी स्वदेशी वस्तुओं के माध्यम से मजबूती दी जाए।

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की शुरुआत कोविड काल में स्वदेशी वैक्सीन के निर्माण से हुई थी। अगर आज 140 करोड़ लोग स्वदेशी वस्तुएं अपनाएं, तो भारत को आत्मनिर्भर बनने से कोई नहीं रोक सकता।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद सीपी जोशी, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। संचालन अखिलेश सोनी ने किया और आभार हरपाल सिंह भामरा ने व्यक्त किया।