सुशासन तिहार में CM साय का बड़ा एक्शन, मंच से ही अधिकारी को किया सस्पेंड

By : hashtagu, Last Updated : May 23, 2026 | 10:15 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार (Sushasan Tihar) के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सख्त रवैया देखने को मिला। प्रदेशभर में 20 जून तक चलने वाले this अभियान में मुख्यमंत्री लगातार समाधान शिविरों (Solution Camps) का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी दौरान कोरिया जिले में खाद वितरण में गड़बड़ी और लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने मंच से ही सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दे दिए।

सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री अचानक गांवों और शासकीय शिविरों में पहुंच रहे हैं। सरकार का दावा है कि इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच सके और शिकायतों का तुरंत समाधान हो।

बीते 21 मई को मुख्यमंत्री साय ने सरगुजा संभाग के कई जिलों का दौरा किया। इस दौरान कोरिया, एमसीबी और सूरजपुर जिलों में पेयजल संकट और स्कूलों के खराब परीक्षा परिणामों को लेकर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। खाद वितरण में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद उन्होंने कार्रवाई करते हुए अधिकारी को सस्पेंड कर दिया।

सुशासन तिहार के मंचों पर सिर्फ जनता ही नहीं बल्कि स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी खुलकर सामने आ रही है। कोरिया में एक भाजपा नेता ने मंच से ही स्थानीय विधायक के खिलाफ शिकायत कर दी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है।

कांग्रेस ने इस अभियान को लेकर सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार के पास जनता के लिए ठोस योजना नहीं है और अपनी नाकामियों का ठीकरा अधिकारियों पर फोड़ा जा रहा है। वहीं डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के जरिए लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है और जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।