राज्योत्सव 2025: अब एक दिन के दौरे पर रायपुर आएंगे पीएम मोदी, करेंगे नई विधानसभा का उद्घाटन और अटलजी की प्रतिमा का अनावरण

By : dineshakula, Last Updated : October 25, 2025 | 10:13 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 (Rajyotsava) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे। पहले उनका दो दिन का दौरा तय था, लेकिन अब कार्यक्रम घटाकर एक दिन का कर दिया गया है। बिहार चुनाव में व्यस्तता के कारण वे अब 31 अक्टूबर की बजाय 1 नवंबर की सुबह सीधे रायपुर आएंगे।

पीएम मोदी इस एक दिन में पांच अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 7.30 बजे वे दिल्ली से रवाना होकर 9.10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे नवा रायपुर स्थित सत्य साईं अस्पताल जाएंगे और वहां बच्चों से मुलाकात करेंगे। सुबह 10 बजे वे ब्रह्मकुमारी संगठन के शांति शिखर भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नवा रायपुर स्थित ट्राइबल म्यूजियम का अवलोकन करेंगे, जहां राज्य की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की प्रदर्शनी होगी।

इसके बाद प्रधानमंत्री नई विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। फिर अटल एक्सप्रेसवे के पास स्थित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। दोपहर 3 बजे वे राज्योत्सव स्थल पहुंचकर राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह का शुभारंभ करेंगे और आमसभा को संबोधित करेंगे। शाम को वे दिल्ली लौट जाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए और कहा कि राज्य की 25 सालों की विकास यात्रा को स्टॉल के रूप में प्रदर्शित किया जाए।

राज्य सरकार ने इस बार राज्योत्सव को तीन की बजाय पांच दिन तक मनाने का निर्णय लिया है। आयोजन 1 से 5 नवंबर तक नवा रायपुर में होगा। समापन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की सुचारू व्यवस्था के लिए छह वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अफसर बनाया गया है। एसीएस गृह मनोज कुमार पिंगुआ को मोदी के कार्यक्रमों की मुख्य जिम्मेदारी दी गई है। ट्राइबल विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा को आदिवासी संग्रहालय, सचिव परिवहन एस. प्रकाश को विधानसभा भवन उद्घाटन, समाज कल्याण सचिव भुवनेश यादव को राज्योत्सव मंच, शिक्षा सचिव एस. भारतीदासन को प्रदर्शनी और स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. प्रियंका शुक्ला को ब्रह्मकुमारी केंद्र के लिए जिम्मेदारी दी गई है।

राज्य स्थापना दिवस पर 1 नवंबर को स्कूल-कॉलेजों में अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसे स्थानीय अवकाश घोषित किया है। सरकारी कार्यालय भी बंद रहेंगे, लेकिन बैंक और वित्तीय संस्थानों पर यह अवकाश लागू नहीं होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को कार्यक्रम में आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ से पुराना और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ पर उनकी उपस्थिति को ऐतिहासिक माना जा रहा है।