सुकमा-दंतेवाड़ा में NIA की बड़ी कार्रवाई, 12 ठिकानों पर छापे — अरनपुर IED ब्लास्ट से जुड़ी जांच तेज

By : dineshakula, Last Updated : November 8, 2025 | 1:10 pm

सुकमा-दंतेवाड़ा:  छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से बड़ी खबर है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार सुबह सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में 12 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अरनपुर IED ब्लास्ट केस से जुड़ी बताई जा रही है, जो वर्ष 2023 में हुआ था।

NIA ने अपने बयान में कहा कि यह छापेमारी RC-07/2024/NIA/RPR (अरनपुर IED ब्लास्ट केस) के तहत नामजद आरोपियों और संदिग्धों के ठिकानों पर की गई है। एजेंसी के अनुसार, यह हमला CPI (माओवादी) के सशस्त्र कैडरों द्वारा अंजाम दिया गया था।

यह हमला 26 अप्रैल 2023 को दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेडका के पास हुआ था, जिसमें नक्सलियों की दारभा डिवीजन कमेटी शामिल थी। NIA की तलाशी में कई अहम दस्तावेज, नकद राशि, हाथ से लिखे कागजात और रसीद पुस्तिकाएं बरामद हुई हैं, जिनका उपयोग माओवादी संगठन लेवी वसूली में करते थे।

जांच में सामने आया है कि सभी संदिग्ध प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से माओवादी संगठन से जुड़े थे और इस हमले की साजिश में शामिल थे। अब तक दो चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं और इस मामले में 27 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

NIA के अधिकारीयों ने बताया कि एजेंसी की जांच आगे भी जारी रहेगी और जल्द ही अन्य संदिग्धों पर भी कार्रवाई की जाएगी।