15 नवंबर से शुरू होगी छत्तीसगढ़ में धान खरीदी: ‘तुहर टोकन मोबाइल ऐप’ से किसान घर बैठे पाएंगे टोकन, खत्म होंगी लंबी कतारें
By : dineshakula, Last Updated : November 13, 2025 | 10:11 am
रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के किसानों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार 15 नवंबर 2025 से धान खरीदी (Paddy Procurement) प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ‘तुहर टोकन मोबाइल ऐप’ (Tuhar Token Mobile App) लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए अब किसानों को घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन (token for paddy sale) प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी, जिससे समितियों में लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग (Food, Civil Supplies and Consumer Protection Department) ने बताया कि इस ऐप का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी (transparent) और सुगम (convenient) बनाना है। किसानों को अब धान विक्रय केंद्र (procurement center) पर बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
‘तुहर टोकन मोबाइल ऐप’ अब गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) पर उपलब्ध है। किसान इसमें आधार आधारित ओटीपी (Aadhaar-based OTP) के माध्यम से पंजीयन कर सकेंगे। ऐप में हर दिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक ऑनलाइन टोकन लिया जा सकेगा।
खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले (Reena Babasaheb Kangale) ने बताया कि किसानों की भूमि के आकार के आधार पर टोकन की संख्या तय की गई है —
-
सीमांत कृषक (2 एकड़ या उससे कम भूमि): 1 टोकन
-
लघु कृषक (2 से 10 एकड़ तक): 2 टोकन
-
दीर्घ कृषक (10 एकड़ से अधिक भूमि): 3 टोकन तक
धान विक्रय के लिए टोकन रविवार से शुक्रवार के बीच बनाए जा सकेंगे। इसके लिए रोजाना सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक समय निर्धारित है।
सरकार ने यह भी तय किया है कि धान खरीदी केंद्रों की प्रतिदिन की खरीदी सीमा का 70% हिस्सा मोबाइल ऐप से जारी टोकन के लिए आरक्षित रहेगा। इस 70% में से 80% टोकन लघु और सीमांत किसानों के लिए, जबकि 20% दीर्घ किसानों के लिए सुरक्षित रहेंगे। शेष 30% टोकन सोसाइटी स्तर पर जारी किए जाएंगे ताकि सभी वर्ग के किसान आसानी से धान विक्रय कर सकें।
राज्य सरकार का कहना है कि यह पहल किसानों को डिजिटल सुविधा से जोड़ने के साथ-साथ पारदर्शी खरीदी व्यवस्था को मजबूत करेगी।




