जनजातीय गौरव दिवस पर पीएम मोदी की सीएम साय को खुली तारीफ
By : dineshakula, Last Updated : November 16, 2025 | 9:19 pm
By : dineshakula, Last Updated : November 16, 2025 | 9:19 pm
नर्मदा, गुजरात | गुजरात के नर्मदा जिले में भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) की खुलकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और जनजातीय समाज के गौरव विष्णु देव साय राज्य का कायाकल्प कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि BJP-NDA हमेशा से आदिवासी समाज के योग्य नेतृत्व को शीर्ष पदों पर आगे बढ़ाने का प्रयास करती रही है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि यह इस बात का प्रतीक है कि आदिवासी समाज को देश की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान मिला है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के इस भव्य आयोजन को भारत पर्व की पूर्णता बताया और अंत में भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया।
इसी बीच, 20 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास की पुष्टि हो गई है। वे अंबिकापुर में भगवान बिरसा मुंडा जयंती से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोनों इस आयोजन में मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के स्वागत की तैयारियों की समीक्षा वित्त मंत्री और सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने की। इस बैठक में सरगुजा संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी और अधिकारी ऑनलाइन जुड़े।