“जो कहा, वह किया, और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया”: केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा
By : hashtagu, Last Updated : December 22, 2025 | 10:43 pm
रायपुर, 22 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जांजगीर-चांपा जिले के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में आयोजित जनादेश परब में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मंच से प्रदेश की उपलब्धियों, जनकल्याण और भविष्य की दिशा पर स्पष्ट संदेश दिया। वंदे मातरम और राज्यगीत के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम में जनविश्वास, गौरव और निर्माण के संकल्प को दोहराया गया।

Jp Nadda Meeting Raipur
केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि “जो कहा था, वह किया और जो नहीं कहा था, वह भी करके दिखाया।” उन्होंने दो वर्षों के रिपोर्ट-कार्ड को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के हित में संवेदनशील और परिणामकारी निर्णय लिए हैं, जिनका असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के पहले महीने में किसानों को 3700 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया और बीते दो वर्षों में 1.25 लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष अंतरण हुआ, जो अन्नदाताओं के सम्मान का प्रमाण है। भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी गई, जिससे उनकी सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा मजबूत हुई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती तंत्र, 32 हजार पदों पर भर्ती, लोक सेवा आयोग में पारदर्शिता, नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना और आईटीआई के आधुनिकीकरण जैसे कदम भविष्य निर्माण की मजबूत नींव हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना और महतारी सदन, पीएम जनमन के तहत 70 लाख परिवारों को लाभ तथा धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से आदिवासी समाज को सशक्त किया गया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 22 गुना बढ़ा है, 32 अमृत स्टेशन विकसित हो रहे हैं और आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन, पीएम-किसान जैसी योजनाओं का लाभ व्यापक रूप से जनता तक पहुंचा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, चरण पादुका जैसी योजनाओं से विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की कमर तोड़ने की दिशा में ठोस प्रगति हुई है और सुरक्षा, पुनर्वास व विकास की संयुक्त रणनीति से शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है। विजन डॉक्यूमेंट 2047 के माध्यम से छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने का रोडमैप तैयार किया गया है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जांजगीर-चांपा में जनादेश परब का आयोजन जिले के लिए ऐतिहासिक है। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के बाद 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।
वित्त मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सरकार ने लोकतंत्र, जनविश्वास और सुशासन को मजबूत किया है। विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से छत्तीसगढ़ विकास के नए मानक गढ़ रहा है। जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि दो वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दो वर्षों की उपलब्धियों का रिपोर्ट-कार्ड और “सेवा के 2 साल” पुस्तक का विमोचन किया। जांजगीर-चांपा की विशिष्ट पहचान को दर्शाते हुए कोसा और कांसा भेंटकर अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन भी हुआ।
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न विभागों की विकासमूलक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, शिक्षा, महिला-बाल विकास, जल संसाधन, ऊर्जा और सहकारिता विभागों के स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से सीधे संवाद किया और पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम को कृषि मंत्री राम विचार नेताम, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्री दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल सहित अन्य सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




