मध्य प्रदेश में IPS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, प्रियंका शुक्ला बनीं शाजापुर SP, सिमाला प्रसाद को मिली खरगोन DIG की जिम्मेदारी

By : hashtagu, Last Updated : July 4, 2026 | 5:23 am

भोपाल (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा आईपीएस (IPS) अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 3 जुलाई की शाम 9 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई पुलिस महानिरीक्षक (Inspector General-IG), उप पुलिस महानिरीक्षक (Deputy Inspector General-DIG) और पुलिस अधीक्षकों (Superintendent of Police-SP) की नई पदस्थापना की गई है। साथ ही दो वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

तबादला आदेश के अनुसार वर्ष 2003 बैच के आईपीएस हरिनारायण चारी मिश्र को पुलिस मुख्यालय भोपाल में पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) बनाया गया है। इससे पहले वह पुलिस महानिरीक्षक (SCRB), पुलिस मुख्यालय में पदस्थ थे।

वर्ष 2006 बैच के आईपीएस रुचिवर्धन मिश्र को पुलिस मुख्यालय के प्रशासन विभाग से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक, भोपाल (ग्रामीण) जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मिथिलेश शुक्ला को नर्मदापुरम जोन से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन बनाया गया है। चंद्रशेखर सोलंकी को पुलिस महानिरीक्षक, नर्मदापुरम जोन की कमान सौंपी गई है।

वर्ष 2011 बैच की आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद को पुलिस मुख्यालय भोपाल से स्थानांतरित कर उप पुलिस महानिरीक्षक, खरगोन रेंज नियुक्त किया गया है।

वर्ष 2012 बैच के आईपीएस यशपाल सिंह राजपूत, जो अब तक शाजापुर के पुलिस अधीक्षक थे, उन्हें पुलिस अधीक्षक, रेल इंदौर बनाया गया है। उनकी जगह वर्ष 2019 बैच की आईपीएस प्रियंका शुक्ला को शाजापुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। प्रियंका शुक्ला इससे पहले पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ थीं।

वर्ष 2013 बैच के आईपीएस रामजी श्रीवास्तव को शहडोल के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक, मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी (भोपाल) भेजा गया है। उनकी जगह वर्ष 2016 बैच के आईपीएस संजय कुमार अग्रवाल को शहडोल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

सरकार ने कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी है। वर्ष 1992 बैच के आईपीएस आदर्श कटियार, जो वर्तमान में विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) हैं, उन्हें अपने मौजूदा कार्य के साथ विशेष पुलिस महानिदेशक, दूरसंचार, पुलिस मुख्यालय भोपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इसके अलावा वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अनुराग, जो वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक, इंदौर (ग्रामीण) जोन हैं, उन्हें पुलिस महानिरीक्षक, विशेष सशस्त्र बल (वि.स.बल.) इंदौर रेंज तथा पुलिस महानिरीक्षक, आरएपीटीसी (RAPTC) इंदौर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं आईपीएस अरविंद तिवारी को पुलिस अधीक्षक, रेल इंदौर के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

प्रदेश सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और प्रशासनिक कार्यों को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।