तेहरान में अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम विदाई, लाखों लोगों की मौजूदगी में शुरू हुआ राजकीय अंतिम संस्कार
By : hashtagu, Last Updated : July 4, 2026 | 12:18 pm
तेहरान (ईरान)। ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जा रही है। राजधानी तेहरान में उनके अंतिम संस्कार (State Funeral) की शुरुआत लाखों लोगों की मौजूदगी में हुई। बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे और पूरे शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था (Security) के बीच अंतिम संस्कार की रस्में निभाई जा रही हैं।
खामेनेई का पार्थिव शरीर तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। उनका ताबूत ईरान के राष्ट्रीय ध्वज में लिपटा हुआ है और उसके ऊपर उनकी पारंपरिक काली पगड़ी रखी गई है। उनके साथ हमले में जान गंवाने वाले परिवार के अन्य सदस्यों के ताबूत भी समारोह में रखे गए हैं।
ईरानी सरकार ने खामेनेई के सम्मान में कई दिनों तक चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया है। तेहरान के बाद उनका पार्थिव शरीर ईरान और इराक के प्रमुख शिया धार्मिक स्थलों तक ले जाया जाएगा। अंतिम रूप से उन्हें ईरान के मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह में सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की योजना है।
अंतिम संस्कार में ईरान के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेताओं के अलावा कई देशों के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हुए हैं। समारोह के दौरान हजारों लोगों ने शोक व्यक्त किया और कई वरिष्ठ ईरानी नेता भावुक दिखाई दिए।
अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में मौत हो गई थी। इसके बाद सुरक्षा कारणों और युद्ध जैसी परिस्थितियों के चलते उनका अंतिम संस्कार टाल दिया गया था। अब व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई है।




