वायरल वीडियो विवाद में कर्नाटक के DGP रामचंद्र राव सस्पेंड, सरकार ने की बड़ी कार्रवाई

By : hashtagu, Last Updated : January 20, 2026 | 2:27 pm

बेंगलुरु, कर्नाटक। कर्नाटक सरकार ने वरिष्ठ IPS अधिकारी और सिविल राइट्स एनफोर्समेंट (Civil Rights Enforcement) के DGP रामचंद्र राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspended) कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित आपत्तिजनक वीडियो (Viral Video) को लेकर की गई है, जिसने राज्य प्रशासन में हलचल मचा दी है।

सरकारी आदेश के अनुसार, वायरल वीडियो और सामने आई मीडिया रिपोर्टों के आधार पर यह पाया गया कि अधिकारी का आचरण एक सरकारी सेवक की मर्यादा (Conduct Unbecoming of a Government Servant) के अनुरूप नहीं है। इसे ऑल इंडिया सर्विसेज कंडक्ट रूल्स, 1968 (All India Services Conduct Rules) का उल्लंघन माना गया है। इसी आधार पर सरकार ने उनके खिलाफ विभागीय जांच (Departmental Inquiry) के आदेश देते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।

निलंबन अवधि के दौरान DGP रामचंद्र राव को नियमों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) मिलेगा और वे बिना अनुमति मुख्यालय (Headquarters) नहीं छोड़ सकेंगे। सरकार ने साफ किया है कि जांच पूरी होने तक वे किसी भी आधिकारिक कार्य में शामिल नहीं होंगे।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस पूरे मामले पर कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। अगर कोई भी अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रामचंद्र राव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वायरल वीडियो फर्जी (Fabricated) है और उनके खिलाफ साजिश (Conspiracy) के तहत यह मामला खड़ा किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी DGP रामचंद्र राव का नाम एक अन्य विवाद में सामने आ चुका है। उनकी सौतेली बेटी को कथित सोना तस्करी (Gold Smuggling) मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिससे वे पहले ही चर्चा में रहे हैं।

सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद कर्नाटक में प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।