प्लास्टिक बोतल की शराब पर कृषि मंत्री का विवादित बयान, बोले– अनुभव के बाद ही कैंसर पर कुछ कहूंगा
By : dineshakula, Last Updated : January 30, 2026 | 12:53 pm
रायपुर, छत्तीसगढ़। सार्वजनिक मंचों पर दिए गए बयानों को लेकर पहले से विवादों में घिरे राज्य के कृषि मंत्री (Agriculture Minister) रामविचार नेताम (Ramvichar Netam) एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। शुक्रवार को कामधेनु विश्वविद्यालय (Kamdhenu University) के दीक्षांत समारोह (Convocation Ceremony) में शामिल होने के बाद मीडिया (Media) से बातचीत के दौरान उन्होंने प्लास्टिक बोतल (Plastic Bottle) में बिकने वाली शराब और कैंसर (Cancer) को लेकर विवादित टिप्पणी की।
पत्रकारों ने जब पर्यावरणविदों द्वारा प्लास्टिक बोतलों में शराब बेचने से कैंसर होने की आशंका पर सवाल किया तो मंत्री रामविचार नेताम ने हंसते हुए कहा कि प्लास्टिक की बोतल वाली शराब से कैंसर होता है या कांच की बोतल वाली शराब से, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विषय में अनुभव लेने के बाद ही कुछ कह पाएंगे। मंत्री का यह बयान सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने हाल ही में शराब को प्लास्टिक बोतलों में बेचने का निर्णय लिया है, जिसको लेकर पर्यावरण और स्वास्थ्य से जुड़े सवाल उठ रहे हैं। विपक्ष और सामाजिक संगठनों की ओर से इस फैसले का विरोध भी किया जा रहा है।
धान खरीदी की तारीख बढ़ाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि समय जरूर कम बचा है, लेकिन सरकार ने सभी किसानों से धान खरीदने की पूरी व्यवस्था कर रखी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
कांग्रेस द्वारा आंदोलन की तैयारी के सवाल पर मंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा भड़काने का काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में धान खरीदी की स्थिति किसी से छिपी नहीं है और उस समय किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा था।
वहीं, यूजीसी से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट की रोक को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री रामविचार नेताम ने इसे राष्ट्रीय स्तर का विषय बताया और इस पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।



