रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में बड़ा अपडेट, पुणे से 5 आरोपी हिरासत में, जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी
By : hashtagu, Last Updated : February 1, 2026 | 8:17 pm
मुंबई, महाराष्ट्र : बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) के जुहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस केस में पुणे से 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है।
घटना रविवार तड़के की बताई जा रही है, जब रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात लोगों ने कई राउंड फायरिंग की थी। फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई थी। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सबूतों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुणे में दबिश देकर पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग के पीछे क्या मकसद था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
फायरिंग की घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




