21 साल की हुईं सारा अर्जुन, बोलीं- ईशा होम स्कूल मेरा दूसरा घर, मौका मिलते ही वापस दौड़ी चली आती हूं

By : hashtagu, Last Updated : June 18, 2026 | 2:37 pm

कोयंबटूर (तमिलनाडु): फिल्म ‘धुरंधर’ की अभिनेत्री सारा अर्जुन (Sara Arjun) 18 जून को 21 साल की हो गईं। इस खास मौके पर सारा अर्जुन का वह बयान फिर चर्चा में है, जब उन्होंने महाशिवरात्रि के दौरान सद्गुरु के ईशा योग केंद्र का दौरा किया था। सारा ईशा होम स्कूल की पूर्व छात्रा (Alumna) भी हैं और उन्होंने इस संस्थान को अपना दूसरा घर (Second Home) बताया था।

पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में सारा अर्जुन ने ईशा होम स्कूल से अपने जुड़ाव के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा, “मैं इस होम स्कूल की पूर्व छात्रा हूं। मुझे यह जगह बहुत पसंद है। महाशिवरात्रि के लिए यहां वापस आकर मैं बहुत खुश हूं। जब मैं छात्रा थी, तब मैंने लगातार कई बार यहां महाशिवरात्रि मनाई थी। इसके बाद जैसे ही मुझे दोबारा आने का मौका मिला, मैं दौड़ी चली आई। यहां वापस आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।”

सारा ने बताया कि ईशा होम स्कूल और ईशा योग केंद्र से उनकी कई यादें जुड़ी हुई हैं। महाशिवरात्रि जैसे बड़े आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए हमेशा खास अनुभव रहा है। यही वजह है कि मौका मिलते ही वह दोबारा इस स्थान पर पहुंच गईं।

अपने करियर और भविष्य की योजनाओं को लेकर भी सारा अर्जुन ने बातचीत की। उन्होंने कहा, “मैं फिलहाल जो भी मिल रहा है, उसे स्वीकार कर रही हूं। जो होना होगा, वह होगा। मैं ज्यादा प्लानिंग नहीं करना चाहती। सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। मैं बहुत खुश हूं और खुद को भाग्यशाली मानती हूं। मेरी यात्रा जिस तरह आगे बढ़ रही है, उससे मैं बेहद संतुष्ट हूं।”

बता दें कि सारा अर्जुन बाल कलाकार के रूप में लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रही हैं। अब वह फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर सुर्खियों में हैं। 21 साल की उम्र में सारा अपने अभिनय करियर के नए दौर में प्रवेश कर चुकी हैं और दर्शकों को उनकी आने वाली फिल्मों का इंतजार है।