टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक मुकाबला: कोलंबो जाएंगे हम: कप्तान सूर्यकुमार यादव

By : hashtagu, Last Updated : February 5, 2026 | 7:37 pm

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में पाकिस्तान (Pakistan) के खिलाफ अपना निर्धारित मुकाबला खेलने के लिए कोलंबो (Colombo) जाएगी। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान द्वारा मैच के बहिष्कार (Boycott) की घोषणा के बावजूद भारत आईसीसी (ICC) के तय कार्यक्रम के अनुसार खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति आसान नहीं है और इस पूरे मामले में आईसीसी सहित सभी संबंधित पक्षों के लिए यह चुनौतीपूर्ण है।

बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित प्री-टूर्नामेंट कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने कहा कि यह फैसला उनका नहीं है और यह मामला सरकारों और आईसीसी के स्तर का है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का निर्णय उनके नियंत्रण में नहीं है और आईसीसी इस पर जरूर कोई समाधान निकालने की कोशिश कर रहा होगा।

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप का यह मुकाबला 15 फरवरी को प्रस्तावित है। हालांकि पाकिस्तान की क्रिकेट टीम को उसकी सरकार ने यह मैच नहीं खेलने का निर्देश दिया है। यह फैसला तब सामने आया जब सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार किया, जिसके बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।

भारतीय कप्तान ने स्पष्ट किया कि भारत ने कभी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना नहीं किया। उन्होंने कहा कि आईसीसी ने फिक्सचर जारी किया है, बीसीसीआई और भारत सरकार ने तटस्थ स्थान पर खेलने पर सहमति दी है और टीम की कोलंबो की फ्लाइट पहले से बुक है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर मौका मिला तो भारत कोलंबो में जरूर खेलेगा।

सूर्यकुमार यादव ने बताया कि भारतीय टीम पहले 7 फरवरी को अपना मुकाबला खेलेगी, इसके बाद नामीबिया के खिलाफ मैच के लिए नई दिल्ली जाएगी और फिर पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए कोलंबो रवाना होगी। उन्होंने कहा कि टीम का माइंडसेट बिल्कुल साफ है और खिलाड़ी केवल अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

भारत टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ करेगा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत, अमेरिका, पाकिस्तान, नामीबिया और नीदरलैंड्स के साथ ग्रुप ए में शामिल है।