मेघालय की अवैध कोयला खदान में भीषण धमाका, 16 मजदूरों की मौत, कई अब भी फंसे

By : hashtagu, Last Updated : February 5, 2026 | 7:43 pm

शिलांग, मेघालय। मेघालय (Meghalaya) के पूर्वी जयंतिया हिल्स (East Jaintia Hills) जिले में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान (Illegal Coal Mine) में हुए भीषण धमाके (Blast) में अब तक 16 मजदूरों (Labourers) की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य के खदान के अंदर फंसे (Trapped) होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य (Rescue Operation) लगातार जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह धमाका थांगस्कू इलाके में स्थित एक अवैध कोयला खदान में हुआ। विस्फोट के समय खदान के भीतर कितने मजदूर काम कर रहे थे, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है। अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य मजदूरों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

हादसे में गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को सुतंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए शिलांग रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि विस्फोट संभवतः खनन कार्य के दौरान हुआ, हालांकि इसके सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि मेघालय में राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा वर्ष 2014 से रैट-होल कोयला खनन पर प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद राज्य में अवैध खदानों का संचालन जारी है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अवैज्ञानिक खनन के चलते इस तरह के हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं।

प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी जरूरी संसाधन लगाए गए हैं।