भारत ने छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता, इंग्लैंड को 100 रन से हराया, वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक शतक
By : ira saxena, Last Updated : February 6, 2026 | 8:31 pm
हरारे (जिम्बाब्वे): भारत ने छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप (Under-19 World Cup) का खिताब जीत लिया है। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर इतिहास रच दिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए।
भारत की जीत के हीरो सिर्फ 14 साल के वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) रहे, जिन्होंने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ऐतिहासिक पारी खेली। वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 218.75 की स्ट्राइक रेट (strike rate) से बल्लेबाजी करते हुए 15 चौके और 15 छक्के लगाए। उनकी पारी के 150 रन बाउंड्री से आए। कप्तान आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) ने 53 रनों की अहम पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट हासिल किए।
412 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से आरएस अंबरीश (RS Ambrish) ने 3 विकेट झटके, जबकि दीपेश देवेन्द्रन (Dipesh Devendran) और कनिष्क चौहान (Kanishk Chauhan) को 2-2 सफलता मिली। इंग्लैंड के लिए कालेब फॉल्कनर (Caleb Faulkner) ने 67 गेंदों पर 115 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपना दबदबा कायम रखते हुए छठी बार ट्रॉफी अपने नाम की और इंग्लैंड को फाइनल में करारी शिकस्त दी।
𝗖.𝗛.𝗔.𝗠.𝗣.𝗜.𝗢.𝗡.𝗦 🏆
Congratulations to India U19 on winning the ICC Men’s U19 World Cup 2026 👏👏
Their historic 6⃣th title 🫡
Take. A. Bow 🙇
Scorecard ▶️ https://t.co/hisult7mtv #U19WorldCup pic.twitter.com/5a0Pf4wpTw
— BCCI (@BCCI) February 6, 2026
भारत की प्लेइंग-11:
आयुष म्हात्रे (कप्तान), आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), वेदांत त्रिवेदी, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेन्द्रन।
इंग्लैंड की प्लेइंग-11:
थॉमस रेव (कप्तान), बेन डॉकिन्स, जोसेफ मोरिस, बेन मेयस, कालेब फॉल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मीटो, मैनी लुम्सडेन, एलेक्स ग्रीन।



