राजपाल यादव की मदद को आगे आए सोनू सूद, 9 करोड़ के कर्ज मामले में तिहाड़ जेल भेजे गए अभिनेता

By : hashtagu, Last Updated : February 10, 2026 | 3:31 pm

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) को करीब 9 करोड़ रुपये के कर्ज मामले में अदालत के आदेश के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। यह मामला चेक बाउंस और लंबे समय से लंबित भुगतान से जुड़ा है। कोर्ट ने राजपाल यादव को बकाया राशि चुकाने के लिए पहले कई मौके दिए थे, लेकिन तय समय में भुगतान न होने के कारण उन्हें आत्मसमर्पण करना पड़ा।

राजपाल यादव की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद अभिनेता सोनू सूद उनके समर्थन में आगे आए हैं। सोनू सूद ने ऐलान किया है कि वह राजपाल यादव को अपनी आगामी फिल्म में काम देंगे और इसके लिए साइनिंग अमाउंट भी देंगे, ताकि उन्हें आर्थिक मदद मिल सके। सोनू सूद ने कहा कि यह मदद दया नहीं बल्कि सम्मान के साथ सहयोग है और राजपाल यादव को इस मुश्किल दौर से बाहर निकालने की कोशिश है।

यह कर्ज मामला वर्ष 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापटा’ के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर असफल रहने के बाद कर्ज की रकम समय पर नहीं चुकाई जा सकी। ब्याज और जुर्माने के साथ यह रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई। कई बार चेक बाउंस होने के बाद मामला अदालत तक पहुंचा।

कोर्ट में पेशी के दौरान राजपाल यादव ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए कहा था कि उनके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं। इसके बावजूद अदालत ने और समय देने से इनकार कर दिया और उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। सोनू सूद की मदद के ऐलान के बाद फिल्म इंडस्ट्री में भी राजपाल यादव के समर्थन में आवाजें उठने लगी हैं।

अब सभी की नजर इस बात पर है कि सोनू सूद की पहल और इंडस्ट्री के सहयोग से राजपाल यादव को कब और कैसे इस कानूनी और आर्थिक संकट से राहत मिल पाती है।

Tags: