छत्तीसगढ़ के जशपुर में स्कूल में बाइबिल बांटने का मामला: छात्रों के बैग से 14 पुस्तकें मिलीं, शिक्षक को शो-कॉज नोटिस

By : hashtagu, Last Updated : February 12, 2026 | 7:52 am

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के एक शासकीय स्कूल में छात्र-छात्राओं को बाइबिल (Bible) बांटने का मामला सामने आया है। स्कूल में ईसाई धार्मिक पुस्तक बाइबिल वितरित (distributed) करने के आरोप वहां पदस्थ एक शिक्षक पर लगे हैं। आरोप है कि शिक्षक ने स्कूल पहुंचते ही कक्षा में जाकर छात्रों को पुस्तकें बांटना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रों के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 14 नग बाइबिल की पुस्तकें बरामद की गईं।

मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी शिक्षक फरसाबहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में व्याख्याता पद पर पदस्थ है। रिपोर्ट के अनुसार, व्याख्याता दीपक तिग्गा ने पढ़ाई के दौरान कक्षा में उपस्थित छात्र-छात्राओं को बाइबिल की छोटी पुस्तकें वितरित कीं। इन पुस्तकों को हिंदू छात्र-छात्राओं को भी बांटे जाने का आरोप है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्राचार्य ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस (Show-Cause Notice) जारी किया है और एक दिन के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही पूरे मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

प्राचार्य कार्यालय से जारी नोटिस के अनुसार 10 फरवरी को शिक्षक दीपक तिग्गा विलंब से विद्यालय पहुंचे और बिना प्राचार्य से मुलाकात किए सीधे कक्षा में चले गए। वहां उन्होंने छात्र-छात्राओं को बाइबिल की पुस्तकें वितरित करना शुरू कर दिया।

फिलहाल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है। शिक्षक के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।