राजपाल यादव के वकील का बयान: बॉलीवुड इंडस्ट्री से समर्थन मिल रहा है, बकाया रकम जल्द चुकाएंगे

By : hashtagu, Last Updated : February 12, 2026 | 8:27 pm

नई दिल्ली, 12 फरवरी 2026: चेक बाउंस (Cheque Bounce) मामले में तिहाड़ जेल में बंद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) के वकील ने कहा कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से व्यापक समर्थन मिल रहा है और वह बकाया रकम जल्द चुका देंगे। वकील भास्कर उपाध्याय ने बताया कि कई सेलेब्रिटीज ने राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आकर सहयोग किया है और अदालत में जमा करने के लिए धन जुटाया जा रहा है।

उन्होंने कोर्ट को बताया कि 50 लाख रुपये का चेक पहले ही पेश किया जा चुका है और आगे की राशि जमा करने के लिए भी तैयार हैं। दूसरी पार्टी ने पहले कुछ राशि लौटाने से इनकार किया था, लेकिन अब फिल्म इंडस्ट्री के सहयोग से बकाया राशि के भुगतान पर जोर दिया जा रहा है।

दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव की जमानत याचिका (Bail Application) पर सुनवाई सोमवार, 16 फरवरी 2026 तक के लिए टाल दी है। विपक्षी पक्ष ने यह कहा कि पहले भी कई बार भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया।

वकील ने यह भी कहा कि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन (Sub Judice) है और अदालत का निर्णय मिलने के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।