23 फरवरी से छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र शुरू 24 को पेश होगा साय सरकार का तीसरा बजट इंफ्रा

By : hashtagu, Last Updated : February 17, 2026 | 1:23 pm

रायपुर: 23 फरवरी से छत्तीसगढ़ विधानसभा (Vidhan Sabha) का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी। इसी के साथ बजट सत्र की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह सत्र 20 मार्च तक चलेगा और कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं।

सत्र के दूसरे दिन 24 फरवरी को साय सरकार अपना तीसरा बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विधानसभा में वर्ष 2026 27 का बजट प्रस्तुत करेंगे। माना जा रहा है कि इस बार का बजट इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपमेंट पर केंद्रित रहेगा।

सरकारी सूत्रों के अनुसार छोटे और मझोले शहरों में खेल मैदानों के विकास, यातायात सुधार के लिए रिंग रोड परियोजनाओं को गति देने और नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना जैसे प्रस्ताव बजट में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण कनेक्टिविटी, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नई विकास परियोजनाओं पर विशेष जोर रहने की संभावना है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने संकेत दिए हैं कि इस बार का बजट महिलाओं, युवाओं और किसानों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। सरकार की प्राथमिकता है कि बजट के जरिए प्रदेश के समग्र विकास को रफ्तार दी जाए और जनहितकारी योजनाओं को और मजबूत बनाया जाए।

राजनीतिक दृष्टि से भी यह सत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि साय सरकार के कार्यकाल का यह तीसरा बजट है। विपक्ष की ओर से भी विकास कार्यों, वित्तीय प्रबंधन और नई घोषणाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगे जाने की संभावना है।

अब सभी की नजर 24 फरवरी पर रहेगी जब विधानसभा में बजट पेश होगा और यह स्पष्ट होगा कि सरकार किन क्षेत्रों में कितना आवंटन करती है और प्रदेश के विकास का रोडमैप क्या होगा।