अमित शाह की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए भरा नामांकन, बिहार में नए राजनीतिक समीकरण के संकेत

By : hashtagu, Last Updated : March 5, 2026 | 2:29 pm

पटना, बिहार: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जेडीयू (JD(U) – Janata Dal United) सुप्रीमो नीतीश कुमार की “राज्यसभा सदस्य (Rajya Sabha Member)” बनने की इच्छा ने राज्य में नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा को तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि इससे बिहार में नई सरकार के गठन का रास्ता भी साफ हो सकता है और भारतीय जनता पार्टी (BJP – Bharatiya Janata Party) को पहली बार हिंदी पट्टी के इस बड़े राज्य में अपना मुख्यमंत्री (Chief Minister) बनाने का मौका मिल सकता है।

दरअसल, हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। यह दूसरी बार है जब भाजपा ने जेडीयू से बेहतर प्रदर्शन किया है। इससे पहले 2020 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का प्रदर्शन जेडीयू से बेहतर रहा था। चुनाव के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में यह संकेत मिल रहे थे कि बिहार की सत्ता संरचना में बदलाव संभव है।

नीतीश कुमार साल 2005 से लगातार बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं और पिछले करीब दो दशकों से राज्य की राजनीति में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य में बनने वाली नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।

नीतीश कुमार ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से लोगों ने लगातार उन पर भरोसा और समर्थन जताया है। इसी भरोसे की ताकत पर उन्होंने बिहार और राज्य के लोगों की पूरी समर्पण भावना के साथ सेवा की है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग की बदौलत आज बिहार विकास और सम्मान के नए आयाम प्रस्तुत कर रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी इच्छा को पूरा करने के लिए उन्होंने इस बार होने वाले राज्यसभा चुनाव में सदस्य बनने का निर्णय लिया है और उसी के तहत उन्होंने नामांकन दाखिल किया है।