बिलासपुर को बड़ी सौगात, बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रात की उड़ान सेवा शुरू

By : hashtagu, Last Updated : March 30, 2026 | 11:24 am

बिलासपुर (छत्तीसगढ़): बिलासपुर को हवाई कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिली है, जहां बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट (Bilasa Devi Kewat Airport) से रात्रि उड़ान सेवा (Night Flight Service) की ऐतिहासिक शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने इस नई सेवा का शुभारंभ किया और पहली उड़ान (First Flight) से स्वयं रायपुर के लिए रवाना भी हुए।

यह सुविधा लंबे समय से क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसके शुरू होने से अब यात्रियों को रात में भी हवाई सफर की सुविधा मिल सकेगी। इससे न केवल आम यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और आवागमन भी अधिक सुगम होगा।

इससे पहले एयरपोर्ट को 31 करोड़ रुपए की लागत से 3C VFR (Visual Flight Rules) श्रेणी से उन्नत कर 3C IFR (Instrument Flight Rules) श्रेणी में विकसित किया गया है। इस अपग्रेड के बाद अब खराब मौसम या कम दृश्यता में भी विमान सुरक्षित रूप से उड़ान भर सकेंगे और उतर सकेंगे।

नई सुविधा से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी और शहर की कनेक्टिविटी देश के अन्य हिस्सों से और मजबूत होगी।