RCB vs KKR रायपुर मैच पर बारिश का खतरा, 150 रुपए में पानी और 300 के पिज्जा पर फूटा फैंस का गुस्सा
By : hashtagu, Last Updated : May 12, 2026 | 7:16 pm
रायपुर (छत्तीसगढ़): रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 13 मई यानी मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB – Royal Challengers Bengaluru) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR – Kolkata Knight Riders) के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। मौसम विभाग ने मैच के दौरान शाम में बारिश की आशंका जताई है। इस बार स्टेडियम का पूरा मैनेजमेंट RCB संभाल रही है। मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन पिछली व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में नाराजगी भी साफ दिखाई दे रही है।
10 मई को हुए पहले मुकाबले के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों का गुस्सा खुलकर सामने आया। लोगों का आरोप है कि स्टेडियम में खाने-पीने की चीजें मनमाने दामों पर बेची गईं। 20 रुपए की पानी की बोतल 150 रुपए में बेची गई, जबकि करीब 60 रुपए वाला पिज्जा 300 रुपए तक में बेचा गया। इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक, स्नैक्स और दूसरे फूड आइटम्स भी बाजार कीमत से कई गुना ज्यादा दामों पर बिके। दर्शकों का कहना है कि स्टेडियम परिसर में कहीं भी आधिकारिक रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी, जिसका फायदा वेंडर्स ने उठाया। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मैच से पहले सोमवार शाम KKR की टीम रायपुर पहुंची और स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। टीम के बल्लेबाजों ने लंबे शॉट्स और डेथ ओवर्स की बल्लेबाजी पर खास फोकस किया। खिलाड़ियों ने तेजी से रन बनाने की रणनीति पर काम किया, जबकि गेंदबाजों ने यॉर्कर, स्लोअर वन और डेथ ओवर की लाइन-लेंथ पर अभ्यास किया।
प्रैक्टिस सेशन में KKR के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह सबसे ज्यादा चर्चा में रहे। उन्होंने नेट्स में करीब 60 गेंदों का सामना किया और इनमें से 15 गेंदों को मैदान के बाहर पहुंचाया। रिंकू बड़े शॉट्स लगाने की शानदार लय में नजर आए। वहीं अनुभवी ऑलराउंडर सुनिल नरेन ने करीब 5 ओवर गेंदबाजी करते हुए अपनी स्पिन और वैरिएशन पर काम किया। टीम मैनेजमेंट डेथ ओवरों में रन रोकने की रणनीति पर खास ध्यान देता दिखाई दिया।
हालांकि टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे प्रैक्टिस सेशन में नजर नहीं आए। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर टीम मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और दर्शकों को सीमित क्षेत्र से ही खिलाड़ियों को देखने की अनुमति दी गई। पूरे प्रैक्टिस सेशन के दौरान पुलिस और सुरक्षा बल तैनात रहे।
इससे पहले 10 मई को हुए मुकाबले के दौरान मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह फेल हो गया था। आयोजकों ने दावा किया था कि भीड़ को देखते हुए अस्थायी मोबाइल टावर लगाए गए हैं, लेकिन हजारों दर्शकों के मोबाइल में इंटरनेट और नेटवर्क बंद हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी ई-टिकट लेकर पहुंचे लोगों को हुई। कई दर्शकों के मोबाइल में QR कोड तक लोड नहीं हो पा रहे थे, जिससे एंट्री गेट पर लंबी लाइनें लग गईं और अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। लोग नेटवर्क की तलाश में स्टेडियम के बाहर इधर-उधर घूमते नजर आए।
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे। बिना टिकट एंट्री रोकने के लिए स्टेडियम के बाहर फेंसिंग और लोहे की जालियां लगाई गई थीं, लेकिन इसके बावजूद कई लोग बैरिकेडिंग पार कर अंदर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैच शुरू होने के कुछ देर बाद कुछ युवक तारों और जालियों पर चढ़कर स्टेडियम में घुस गए। सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम होने के कारण भीड़ को नियंत्रित करने में काफी दिक्कतें आईं।




