RCB-KKR मैच में रायपुर स्टेडियम के बाहर बवाल, गेट तोड़कर घुसी भीड़; सुरक्षाकर्मियों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
By : hashtagu, Last Updated : May 13, 2026 | 10:53 pm
रायपुर: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में बुधवार को RCB और KKR के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान स्टेडियम के बाहर भारी हंगामा देखने को मिला। टिकट (Ticket) होने के बावजूद कई दर्शकों को एंट्री (Entry) नहीं मिलने पर स्थिति बेकाबू हो गई। नाराज लोगों ने गेट और दीवार फांदकर स्टेडियम के अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों (Security Personnel) और पुलिस ने कई लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गेट नंबर 2 के बाहर सबसे ज्यादा बवाल हुआ। बड़ी संख्या में मौजूद क्रिकेट फैंस लगातार अंदर जाने की मांग कर रहे थे। लोगों का आरोप है कि वैध टिकट होने के बावजूद उन्हें काफी देर तक रोका गया और कई लोगों को एंट्री ही नहीं दी गई। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई और कुछ लोगों ने गेट तोड़ दिया। इसके बाद टिकट और बिना टिकट वाले कई लोग स्टेडियम के अंदर घुस गए।
हंगामे के दौरान मीडिया कर्मियों को वीडियो बनाने से रोकने का भी आरोप लगा है। कुछ पत्रकारों ने दावा किया कि सुरक्षाकर्मियों ने कवरेज करने से मना किया और कैमरे बंद करवाने की कोशिश की।
पिछले मैचों की तरह इस बार भी स्टेडियम में अव्यवस्था देखने को मिली। भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के बीच तालमेल की कमी साफ नजर आई। बारिश के कारण मैच निर्धारित समय से देरी से शुरू हुआ और मुकाबला रात 8:45 बजे शुरू हो सका। इसके बावजूद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में दर्शक बारिश में भीगते हुए स्टेडियम पहुंचे।
कई फैंस ने कहा कि वे विराट कोहली को देखने के लिए दूर-दूर से रायपुर आए हैं। वहीं कुछ क्रिकेट प्रेमी कोलकाता से KKR को समर्थन देने पहुंचे। बारिश और अव्यवस्था के बावजूद स्टेडियम के बाहर देर रात तक भारी भीड़ बनी रही।




