KKR की जीत से IPL 2026 प्वॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर, गुजरात-चेन्नई मुकाबला बना नॉकआउट

By : hashtagu, Last Updated : May 16, 2026 | 11:55 pm

कोलकाता: आईपीएल (IPL) 2026 के 60वें मुकाबले के बाद प्लेऑफ की जंग और भी रोमांचक हो गई है। ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) में खेले गए बेहद करीबी मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को हराकर अंक तालिका (Points Table) का पूरा गणित बदल दिया। इस जीत से कोलकाता की प्लेऑफ (Playoff) उम्मीदें जिंदा हो गई हैं, जबकि गुजरात और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच होने वाला मुकाबला अब लगभग नॉकआउट बन गया है।

कोलकाता की इस जीत के बाद टीम अंक तालिका में आठवें स्थान से सातवें नंबर पर पहुंच गई है। टीम के अब 11 अंक हो गए हैं। अगर केकेआर अपने बाकी दोनों मुकाबले जीतने में सफल रहती है तो वह 15 अंकों तक पहुंच सकती है और प्लेऑफ की दौड़ में बनी रह सकती है।

वहीं गुजरात टाइटंस के लिए यह हार बड़ा झटका साबित हुई है। गुजरात अब अधिकतम 18 अंक तक ही पहुंच सकती है। टीम का अगला मुकाबला 21 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होगा। अगर चेन्नई 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद को हराने में सफल रहती है, तो गुजरात और चेन्नई के बीच होने वाला मैच सीधे प्लेऑफ की दौड़ तय करेगा। हारने वाली टीम बाहर होने के करीब पहुंच सकती है।

फिलहाल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है। आरसीबी के 12 मैचों में 8 जीत के साथ 16 अंक हैं। दूसरे स्थान पर गुजरात टाइटंस है, जिसके 13 मैचों में 16 अंक हैं। तीसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद है, जिसने 12 मैचों में 7 जीत दर्ज की हैं।

पंजाब किंग्स 12 मैचों में 13 अंक लेकर चौथे स्थान पर मौजूद है। राजस्थान रॉयल्स 11 मैचों में 12 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स 12 मैचों में 6 जीत और 12 अंक लेकर छठे स्थान पर बनी हुई है। दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति मुश्किल होती जा रही है। दिल्ली के 12 मैचों में सिर्फ 10 अंक हैं और टीम आठवें स्थान पर पहुंच गई है।

अब लीग स्टेज के केवल 10 मुकाबले बाकी हैं, लेकिन अभी तक किसी भी टीम ने आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं किया है। इससे इस सीजन की प्लेऑफ रेस बेहद रोमांचक बन गई है।

अगर रविवार को आरसीबी, पंजाब किंग्स को हरा देती है तो बेंगलुरु प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की कर लेगी। वहीं अगर राजस्थान रॉयल्स दिल्ली कैपिटल्स को हराती है तो दिल्ली की टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो जाएगी। ऐसे में बाकी तीन प्लेऑफ स्पॉट के लिए छह टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।

आईपीएल 2026 में हर मुकाबले के साथ समीकरण बदल रहे हैं और अब हर मैच नॉकआउट जैसा बनता जा रहा है।