बारिश बनी भाजपा विधायक दीपेश साहू की शादी में बाधा, सामूहिक विवाह में दूल्हा-दुल्हन ने छाते और गद्दों से बचाया खुद को

By : hashtagu, Last Updated : May 31, 2026 | 7:21 pm

बेमेतरा (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू (Dipesh Sahu) की शादी रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना (Kanya Vivah Yojana) के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में संपन्न हुई। इस दौरान विधायक समेत कुल 21 जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लिए। हालांकि विवाह समारोह के बीच अचानक हुई तेज बारिश ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी और दूल्हा-दुल्हनों से लेकर उनके परिजनों तक को भीगने से बचने के लिए जुगाड़ का सहारा लेना पड़ा।

सरकारी शिक्षक से राजनीति में आए भाजपा विधायक दीपेश साहू ने बीपीएल (BPL) परिवार की तरुणा साहू के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। खास बात यह रही कि विधायक ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मिलने वाली राशि को अपने पास रखने के बजाय मेधावी छात्राओं की शिक्षा पर खर्च करने का फैसला किया है।

सामूहिक विवाह समारोह को पारंपरिक और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। सभी दूल्हे ई-रिक्शा (E-Rickshaw) से सर्किट हाउस पहुंचे, जहां से विधायक दीपेश साहू समेत सभी दूल्हों की बारात बैलगाड़ियों पर निकाली गई। समारोह में छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक भी देखने को मिली और पारंपरिक परी डांस (Pari Dance) ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

विवाह की रस्में और फेरे चल ही रहे थे कि अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज बारिश शुरू होने के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजन इधर-उधर बचाव के साधन तलाशते नजर आए।

सिर पर सेहरा बांधे दूल्हे और शादी के जोड़े में सजी दुल्हनें खुद को भीगने से बचाने के लिए छाते, तिरपाल और जो भी सामान हाथ लगा, उसका इस्तेमाल करती दिखाई दीं। कई लोगों ने जमीन पर बिछाए गए गद्दों को ही सिर पर रख लिया, जबकि कुछ लोगों ने प्लास्टिक की कुर्सियों को उल्टा करके उन्हें बारिश से बचाव के लिए छत की तरह इस्तेमाल किया।

बारिश के बीच दूल्हा-दुल्हनों और उनके परिजनों की यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। हालांकि बारिश के बावजूद सभी जोड़ों ने विवाह की रस्में पूरी कीं और कार्यक्रम संपन्न हुआ।