आरसीबी दूसरी आईपीएल ट्रॉफी से सिर्फ एक कदम दूर, गुजरात टाइटंस से महामुकाबले में खिताब बचाने की चुनौती
By : hashtagu, Last Updated : May 31, 2026 | 7:10 pm
अहमदाबाद: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आईपीएल (IPL) 2026 का खिताब जीतने से अब सिर्फ एक जीत दूर है। मौजूदा चैंपियन (Champion) आरसीबी रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलेगी। दोनों टीमें अपने-अपने दूसरे आईपीएल खिताब की तलाश में हैं और पूरे सीजन में सबसे मजबूत टीमों के रूप में सामने आई हैं।
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने लीग चरण में शीर्ष स्थान हासिल किया और क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई। पिछले सीजन में 18 साल के लंबे इंतजार के बाद पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली आरसीबी अब लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के बेहद करीब पहुंच गई है।
दूसरी ओर शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। गुजरात की टीम पांच सीजन में तीसरी बार आईपीएल फाइनल खेल रही है और 2022 के बाद दूसरी बार ट्रॉफी जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी। टीम की सफलता में उसके सलामी बल्लेबाजों, मजबूत गेंदबाजी आक्रमण और संतुलित संयोजन की बड़ी भूमिका रही है।
फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट विशेषज्ञ इसे पूरी तरह बराबरी की टक्कर मान रहे हैं। लीग चरण में दोनों टीमों ने नौ-नौ मैच जीते थे और अंक तालिका में शीर्ष दो स्थानों पर रहीं। आरसीबी नेट रन रेट के आधार पर गुजरात से आगे रही थी। हालांकि क्वालीफायर-1 में मिली बड़ी जीत से आरसीबी को मनोवैज्ञानिक बढ़त जरूर मिली है, लेकिन फाइनल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।
इस महामुकाबले में विराट कोहली, रजत पाटीदार, शुभमन गिल, जोस बटलर, मोहम्मद सिराज और भुवनेश्वर कुमार जैसे स्टार खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी। खास तौर पर विराट कोहली और पूर्व आरसीबी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बीच मुकाबला फाइनल का बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।
अहमदाबाद में मौसम भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फाइनल के दिन हल्की बारिश की संभावना जताई गई है और येलो अलर्ट जारी किया गया है। यदि मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाता है तो रिजर्व डे रखा गया है। दोनों टीमें दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी, जिससे यह फाइनल और भी रोमांचक बन गया है।




