‘कल्कि 2898 AD 2’ में आलिया भट्ट की एंट्री! क्या दीपिका पादुकोण की लेंगी जगह या निभाएंगी नया किरदार?
By : hashtagu, Last Updated : June 16, 2026 | 8:50 pm
हैदराबाद। प्रभास स्टारर फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खबरें सामने आई हैं कि बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट (Alia Bhatt) फिल्म की स्टारकास्ट में शामिल हो सकती हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह सवाल उठने लगा कि क्या आलिया, दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) की जगह लेंगी या फिर उन्हें फिल्म में बिल्कुल नया किरदार (New Role) दिया गया है।
दरअसल, दीपिका पादुकोण पहले ही ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल से बाहर हो चुकी हैं। फिल्म निर्माण कंपनी ने वर्ष 2025 में आधिकारिक तौर पर पुष्टि की थी कि दीपिका फिल्म के दूसरे भाग का हिस्सा नहीं होंगी। इसके बाद से उनके किरदार सुमति (SUM-80) को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।
हाल ही में सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में खबर फैली कि आलिया भट्ट ने हैदराबाद में फिल्म के लिए कुछ दृश्यों की शूटिंग भी कर ली है। हालांकि इस बीच यह स्पष्ट नहीं था कि वह दीपिका के किरदार की जगह लेंगी या किसी नए रोल में नजर आएंगी।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की टीम से जुड़े एक प्रवक्ता ने इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया है कि आलिया भट्ट यदि फिल्म का हिस्सा बनती हैं तो वह दीपिका पादुकोण के किरदार को रिप्लेस नहीं करेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक उनके लिए एक अलग और नया किरदार तैयार किया जा रहा है। हालांकि निर्माताओं की ओर से अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि निर्देशक नाग अश्विन इन दिनों फिल्म के महत्वपूर्ण हिस्सों की शूटिंग कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन और कमल हासन पहले से ही फिल्म के अगले चरण की शूटिंग में शामिल हैं, जबकि प्रभास भी जल्द ही अपने हिस्से की शूटिंग शुरू कर सकते हैं।
फिल्म में आलिया भट्ट की संभावित एंट्री को लेकर फैंस के बीच उत्साह देखा जा रहा है। वहीं कुछ समय पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि दीपिका के किरदार के लिए साई पल्लवी के नाम पर विचार किया जा रहा है। हालांकि इन सभी रिपोर्टों पर अभी तक आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
फिलहाल ‘कल्कि 2898 AD 2’ को लेकर निर्माताओं ने चुप्पी साध रखी है। ऐसे में आलिया भट्ट की एंट्री, उनके किरदार और फिल्म की कहानी को लेकर सस्पेंस बरकरार है। फैंस अब फिल्म की टीम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।




