योग से उम्र नहीं, क्षमता बढ़ती है: कोलकाता में पीएम मोदी ने किया योग, दुनिया को दिया बड़ा संदेश
By : hashtagu, Last Updated : June 21, 2026 | 12:04 pm
कोलकाता (पश्चिम बंगाल)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रविवार को कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया और हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उम्र (Age) कभी भी व्यक्ति की क्षमता (Potential) को कम नहीं करती, बल्कि योग (Yoga) के माध्यम से व्यक्ति जीवनभर ऊर्जा, लचीलापन और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रख सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग आज दुनिया का सबसे बड़ा सामूहिक जन-आंदोलन बन चुका है, जो देशों, संस्कृतियों और समाजों को जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि 21 जून अब केवल साल का सबसे लंबा दिन नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और कल्याण के उत्सव का प्रतीक बन गया है।
Here are some more glimpses from the Yoga Day programme held in Kolkata. pic.twitter.com/XgE1G7sfHB
— Narendra Modi (@narendramodi) June 21, 2026
उन्होंने लोगों से योग को सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम न मानकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति 40 की उम्र में अधिक लचीला और 50 की उम्र में भी ऊर्जावान रह सकता है। योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विषय आज के समय में बेहद प्रासंगिक है, क्योंकि बढ़ती उम्र के साथ स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लिया। योग सत्र के दौरान प्रधानमंत्री कई प्रतिभागियों के बीच पहुंचे और उन्हें योगासन सही तरीके से करने के लिए प्रोत्साहित भी किया। देशभर में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।



