मेलोनी से फोटो विवाद पर ट्रंप का पलटवार, बोले- बार-बार तस्वीर की मांग कर रही थीं इटली की प्रधानमंत्री
By : hashtagu, Last Updated : June 20, 2026 | 10:23 pm
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच तस्वीर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब खुली जुबानी जंग में बदल गया है। ट्रंप ने मेलोनी के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने ट्रंप के दावों को पूरी तरह मनगढ़ंत बताया था।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि जी-7 शिखर सम्मेलन (G7 Summit) के दौरान जॉर्जिया मेलोनी बार-बार उनके साथ तस्वीर (Photo) खिंचवाने की मांग कर रही थीं। ट्रंप ने कहा कि मेलोनी उनसे दोस्ती फिर से बढ़ाना चाहती हैं क्योंकि उनकी लोकप्रियता (Popularity) इटली में घट रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया कि मेलोनी ने ईरान से जुड़े मुद्दे पर अमेरिका का साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इटली ने अमेरिका को अपने रनवे और हवाई पट्टियों के इस्तेमाल की अनुमति भी नहीं दी, जिससे सैन्य अभियानों में दिक्कतें आईं। ट्रंप ने दावा किया कि अब अमेरिका की सैन्य सफलता के बाद मेलोनी फिर से उनके करीब आने की कोशिश कर रही हैं।
इससे पहले एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था कि मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए “बहुत आग्रह” किया था और उन्हें उन पर तरस आ गया था। ट्रंप के इसी बयान पर विवाद शुरू हुआ था।

Socal Media
जॉर्जिया मेलोनी ने ट्रंप के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह कहानी पूरी तरह से बनाई गई है। उन्होंने कहा कि न तो वह और न ही इटली कभी किसी से भीख मांगते हैं। मेलोनी ने ट्रंप के बयानों पर हैरानी जताते हुए कहा कि एक सहयोगी देश के नेता से इस तरह की टिप्पणी की उम्मीद नहीं की जा सकती।
इस विवाद का असर दोनों देशों के रिश्तों पर भी देखने को मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने अमेरिका की अपनी प्रस्तावित यात्रा रद्द कर दी। इटली के कई राजनीतिक नेताओं ने भी ट्रंप की टिप्पणियों को देश का अपमान बताया है।
एक समय ट्रंप और मेलोनी को करीबी सहयोगी माना जाता था, लेकिन हाल के महीनों में ईरान, नाटो और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर दोनों नेताओं के बीच मतभेद बढ़ते दिखाई दिए हैं। अब तस्वीर को लेकर शुरू हुआ यह विवाद दोनों नेताओं के रिश्तों में बढ़ती दूरी का संकेत माना जा रहा है।




