8 साल बाद छत्तीसगढ़ के 156 खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होंगे, सरकारी नौकरी का रास्ता हुआ साफ
By : hashtagu, Last Updated : July 2, 2026 | 8:10 pm
रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए करीब 8 साल बाद बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के उत्कृष्ट खिलाड़ी (Outstanding Players) घोषित किए जाने से जुड़े लंबे समय से लंबित प्रकरण (Case) का समाधान कर दिया गया। बैठक में विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों के दस्तावेज (Documents), खेल उपलब्धियों और अभिलेख (Records) की विस्तृत समीक्षा के बाद 20 खेलों के कुल 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने का फैसला लिया गया। इस निर्णय के साथ चयनित खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा यानी सरकारी नौकरी पाने का रास्ता भी साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2018-19 और 2019-20 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा और उनकी नियुक्ति से जुड़े वर्षों पुराने लंबित मामलों का निपटारा करना था। इस दौरान पुनः परीक्षण समिति की रिपोर्ट, खिलाड़ियों के आवेदन, खेल उपलब्धियों और अन्य संबंधित अभिलेखों का विस्तार से परीक्षण किया गया।
समिति ने तय पात्रता मानकों के आधार पर 20 अलग-अलग खेलों के कुल 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने का निर्णय लिया। लंबे समय से अटकी इस प्रक्रिया के पूरा होने से उन खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो वर्षों से चयन और सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे थे।
राज्य सरकार के इस फैसले को खेल प्रतिभाओं को सम्मान देने और प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब चयनित 156 खिलाड़ियों की सूची जल्द ही सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचित की जाएगी, जिसके बाद उन्हें सरकारी सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।




