सीएम मोहन यादव के सामने बीजेपी विधायक का बड़ा ऐलान, बोले- सड़क नहीं बनी तो जूते-चप्पल छोड़ दूंगा
By : hashtagu, Last Updated : July 10, 2026 | 4:57 pm
शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल में आयोजित किसानों से संवाद और पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने सड़क (Road) निर्माण को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि यदि उनके विधानसभा क्षेत्र की प्रस्तावित सड़कें नहीं बनती हैं तो वह जूते-चप्पल (Footwear) पहनना छोड़ देंगे। उनके इस बयान के बाद मुख्यमंत्री ने मंच से ही उन्हें ऐसा नहीं करने की सलाह दी।
विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री के सामने अपने क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें रखते हुए कहा कि इलाके में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि लंबित सड़क परियोजनाओं को मंजूरी नहीं मिली या सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो वह जूते-चप्पल का त्याग कर देंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अपना मांग पत्र भी पढ़कर सुनाया। इसमें 48 सड़कों के उन्नयन, 16 नई सड़कों की स्वीकृति, नए राजस्व भवन के निर्माण और अरनियाकला में आर्ट्स एवं साइंस कॉलेज शुरू करने की मांग शामिल थी। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों को सीधा लाभ होगा।
विधायक के बयान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुस्कराते हुए कहा कि 16 नहीं बल्कि 17 सड़कें देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि जूते-चप्पल त्यागने जैसी घोषणा करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जूते-चप्पल कांटों से बचाने और तेजी से चलने के लिए होते हैं, इसलिए इन्हें छोड़ने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने विधायक को सार्वजनिक मंचों पर शब्दों का चयन सोच-समझकर करने की भी सलाह दी। विधायक और मुख्यमंत्री के बीच हुई यह बातचीत कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।




