रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ का ट्रेलर 24 जुलाई को होगा रिलीज, मेकर्स ने किया ऐलान

By : hashtagu, Last Updated : July 11, 2026 | 1:50 pm

मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ (Ramayan) का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा। फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा कर दी है। यह ट्रेलर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च किया जाएगा और इसे फिल्म के प्रमोशन का सबसे बड़ा चरण माना जा रहा है।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। अभिनेता यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल, रवि दुबे और कई अन्य कलाकार भी इस मेगा बजट फिल्म का हिस्सा हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की रणनीति के तहत ट्रेलर को बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश किया जाएगा। फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है और इसके विजुअल इफेक्ट्स, तकनीक और भव्य प्रस्तुति को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। ‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि दूसरा भाग अगले वर्ष रिलीज किया जाएगा।