छत्तीसगढ़ में 12 नक्सली ढेर, 5 करोड़ के इनामी मोडेम बालकृष्ण भी शामिल

By : dineshakula, Last Updated : September 12, 2025 | 10:26 pm

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मटाल पहाड़ी में गुरुवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों (naxalites) के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें 5 करोड़ से ज्यादा के इनामी समेत 12 नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में ओडिशा स्टेट कमेटी का सचिव और डेढ़ करोड़ का इनामी मोडेम बालकृष्ण भी शामिल था।

सुरक्षा बलों में STF, कोबरा बटालियन, CRPF और राज्य पुलिस के जवान शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान कुल 10 नक्सली गरियाबंद में ढेर किए गए, जिनमें 6 पुरुष और 4 महिलाएं हैं। इन सभी के शव हेलीकॉप्टर से गरियाबंद लाए गए हैं।

मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी सदस्य मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण, ओडिशा स्टेट कमेटी के सदस्य प्रमोद उर्फ पांडू, विमल उर्फ मंगन्ना समीर, PPCM रजीता, टेक्निकल टीम की अंजली, SDK ACM सीमा उर्फ भीमे, ACM विक्रम, डिप्टी कमांडर उमेश और बीबीएम डिवीजन PM बिमला शामिल हैं। इन सभी पर छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश सरकार ने कुल ₹5.22 करोड़ का इनाम घोषित किया था।

इससे पहले नक्सली नेता बालकृष्ण के गार्ड कैलाश ने सरेंडर किया था, जिससे पुलिस को उसके ठिकानों की सीक्रेट जानकारी मिली। इसी के आधार पर गुरुवार सुबह कुल्हाड़ी घाट क्षेत्र में ऑपरेशन चलाया गया।

बीजापुर जिले में शुक्रवार सुबह दो और नक्सली मारे गए। जवानों ने मौके से एक 303 राइफल और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने इसकी पुष्टि की है।

एडीजी विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि नक्सलियों का नेटवर्क फैलने से पहले ही खत्म कर दिया गया है और ऑपरेशन अब भी जारी है। मौके से एके-47, इंसास, SLR, टे़टे कार्बाइन, शॉटगन, 12 बोर बंदूक, पिस्टल और बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं।

रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि जवानों ने पहले ही ऐलान किया था कि शस्त्र पूजन से पहले रक्त पूजन करेंगे और उन्होंने अपना वादा निभाया।