31 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा होगी स्थापित! मानस मंडलियों का जारी हुए 1 करोड़ 14 लाख रुपए

By : hashtagu, Last Updated : January 17, 2024 | 1:13 pm

रायपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह (Ramlala’s consecration ceremony) को लेकर ननिहाल छत्तीसगढ़ में उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गुढ़ियारी में 31 फीट ऊंची भगवान राम (31 feet high Lord Ram) की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। बिलासपुर में ​‘राम सेतु’ पुल को भगवा रंग में रंग दिया गया है। साय सरकार ने 146 विकाखण्डों में भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 1 करोड़ 14 लाख 25 हजार रुपए की राशि जारी की है।

प्रदेश भर के मंदिरों में बीजेपी स्वच्छता अभियान चला रही है। कई जगहों पर धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। पुलिसकर्मी भी थाने के मंदिरों में विशेष पूजा की तैयारी कर रहे हैं।

पंजीकृत मानस मंडलियों को दी जाएगी राशि

  1. रायपुर, धमतरी, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, दंतेवाड़ा, बीजापुर, बिलासपुर और सक्ती जिले को 3.25 लाख-3.25 लाख रुपए।
  2. बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, महासमुन्द, बालोद, कोण्डागांव, जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले को 3.75 लाख-3.75 लाख रुपए।
  3. दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सुकमा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले को 2.75 लाख-2.75 लाख।
  4. बस्तर, कांकेर, सरगुजा, रायगढ़ जिले को 4.75 लाख-4.75 लाख।
  5. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, नारायणपुर, कोरिया जिले को 2.25 लाख-2.25 लाख।
  6. बलरामपुर, सूरजपुर जिले को 4.25 लाख-4.25 लाख रूपए और जशपुर जिले को 5 लाख 25 हजार रुपए जारी हुआ है।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ‘राम कथा’ करेंगे

रायपुर: 23 जनवरी को गुढ़ियारी के स्वामी विवेकानंद विद्यापीठ के सामने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ‘राम कथा’ की शुरुआत करेंगे। इससे पहले कथा स्थल पर ही 22 जनवरी को 31 फीट ऊंची राम प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही 11 लाख दीप जलाए जाएंगे।

रायपुर में होगा ये कार्यक्रम

रायपुर में 14- 21 जनवरी तक मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलेगा। गांव से लेकर शहर में प्रभात फेरी और शोभा यात्रा निकाली जाएगी। रायपुर पश्चिम के 20 वार्डों में 17-19 जनवरी तक प्रभात फेरी निकलेगी। प्राण प्रतिष्ठा के लाइव प्रसारण के लिए 4 मंडलों में एलईडी स्क्रीन लगेगी। पश्चिम में प्रभात फेरी निकलेगी।

थानों में विशेष पूजा की तैयारी

प्राण-प्रतिष्ठा के दिन ही रायपुर के अलग-अलग थाना परिसर में स्थापित बजरंगबली और शिव मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। जिसकी तैयारियां चल रही हैं। इस कार्यक्रम में पुलिस परिवार के साथ ही अन्य लोग भी शामिल होंगे।

‘राम सेतु’ पुल को भगवा रंग में रंग रहे

बिलासपुर: अरपा के 100 साल पुराने पुल ‘राम सेतु’ का नामकरण कर विश्व हिन्दू परिषद और हिंदू संगठन उसे भगवा रंग में रंग रहे हैं। पुल के दोनों ओर ‘राम आएंगे आएंगे’ का लोकप्रिय भजन, हनुमान चालीसा और रामायण की चौपाइयां लिखी जा रही हैं।

वहीं, तिलक नगर स्थित ऐतिहासिक राम मंदिर में 21 जनवरी से 23 जनवरी तक पूजा अनुष्ठान, भजन आदि के विभिन्न कार्यक्रमों आयोजन किया जाएगा। शोभा यात्रा की तैयारी की जा रही है।

श्रीराम जानकी वाटिका भेंट की जाएगी

जिले के पर्यावरण प्रेमी हरे भरे पौधों की श्रीराम जानकी वाटिका भेंट करेंगे। आंदोलन के जरिए बड़े पैमाने पर पौधों को लगाया गया है। पर्यावरण और अरपा के संरक्षण को लेकर अरपा अर्पण महाअभियान की शुरुआत की गई है। अरपा के किनारे अलग- अलग फेस में पौधे लगाए गए हैं। जिसमें औषधीय, फल, फूल और दैवीय पौधे शामिल हैं।

पर्यावरण प्रेमियों ने बताया कि, इस दिन का वर्षों से इंतजार था। भगवान राम नवनिर्मित मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। ऐसे में हर कोई इसका साक्षी बनना चाहता है। अरपा अर्पण महाअभियान समिति ने भी राम जानकी वाटिका भेंट कर इस मौके को यादगार बनाने का निर्णय लिया है। 22 तारीख को हवन पूजन कर वाटिका भेंट किया जाएगा।

यज्ञ, हवन, सुंदरकांड पाठ और आरती का आयोजन

अंबिकापुर: 22 तारीख को गांधी स्टेडियम में एक लाख दीप जलाए जाएंगे। गांधी स्टेडियम में लेजर लाइट शो होगा। इंदौर के गायक किशन भगत भी प्रस्तुति देंगे। अयोध्या में अनुष्ठान के दिन यहां स्थानीय स्तर पर कई कार्यक्रम होंगे। मंदिरों में यज्ञ, हवन, सुंदरकांड पाठ और आरती का आयोजन किया जाएगा।

  • भजन कीर्तन के साथ निकाली जा रही प्रभात फेरी

मोहला-मानपुर: जिला मुख्यालय मोहला, अंबागढ़ चौकी और मानपुर समेत सभी कस्बों में राम मंदिर निर्माण को लेकर पिछले एक सप्ताह से प्रभात फेरी निकाली जा रही है। जिसमें लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे है। भजन कीर्तन के साथ मोहला में राम मय माहौल हो गया है।

जगदलपुर: दलपत सागर 21 जनवरी की शाम करीब 2 लाख 21 हजार से ज्यादा दीयों की रोशनी से जगमगाएगा। इस आयोजन में शामिल होने के लिए केसरिया और पीले रंग का ड्रेस कोड भी तय किया गया है।

कोंडागांव: विधायक लता उसेंडी ने जिला मुख्यालय के बंधा तालाब स्थित शिव मंदिर में साफ सफाई की। इस अवसर पर नगर पालिका के स्वच्छता कर्मियों ने विधायक के साथ मिलकर मंदिर के साथ-साथ बांधा तालाब में भी स्वच्छता अभियान चलाया।

सुकमा: जिले के नगर पंचायत दोरनापाल में भाजपाइयों ने मंदिरों और परिसर के आसपास साफ सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया।

यह भी पढ़ें : लोस चुनाव के ‘कलस्टर प्रभारियों’ की बैठक : ‘जेपी नड्डा-अमित शाह’ ने दिए जीत के मंत्र! पूर्व मंत्री मूणत और अजय चंद्राकर भी हुए शामिल