BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के पिता ‘कुमार लक्ष्मी नारायण देव’ का निधन! सीएम विष्णुदेव और उपमुख्यमंत्री द्वय साव व शर्मा और स्पीकर रमन सिंह ने दी श्रद्धांजलि

By : hashtagu, Last Updated : January 17, 2024 | 1:29 pm

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुमार लक्ष्मी नारायण देव के निधन पर जताया शोक
  • रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुमार लक्ष्मी नारायण देव (Kumar Lakshmi Narayan Dev) के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। साय ने स्वर्गीय देव के पुत्र जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव (Jagdalpur MLA Kiran Singh Dev) एवं शोकाकुल परिवारजनों के प्रति भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं एवं परिवारजनों द्वारा इस शोक को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी परंपरा में जीवेम शरदः शतम की बात होती है। स्वर्गीय देव ने यशस्वी जीवन जिया। उन्होंने अपने सुदीर्घ जीवन में अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ ही सार्वजनिक जीवन से जुड़ी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन किया है।

    • विधि के विधान के आगे हम सब नतमस्तक हैं

    अत्यंत दुख के साथ यह सूचित करना पड़ रहा है कि श्री कुमार लक्ष्मी नारायण देव – छोटे जमीदार साहेब सुकमा का आज 11:00 बजे अमरविला वृंदावन कॉलोनी में स्वर्गवास हो गया है,आप 104 वर्ष के रहे। आप श्री करण सिंह देव, स्व. अमर सिंह देव, कुमार जयदेव व किरण सिंह देव जी(भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष/जगदलपुर विधायक) के पिताजी है और विजित देव, श्रृंगवेद देव के दादाजी है। अंतिमयात्रा कल मूल निवास लुंबनी हाउस सुकमा से प्रातः 11:00 बजे निकाली जाएगी।

    मुख्यमंत्री साय, विस अध्यक्ष डॉ. रमन, उपमुख्यमंत्री द्वय साव व शर्मा ने दी श्रद्धांजलि

    भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव के पिताश्री छोटे जमींदार साहब कुमार लक्ष्मी नारायण देव (104) के देहावसान से उनके परिवार में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। भाजपा –परिवार ने श्री देव के परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करते हुए परमपिता परमेश्वर से स्व. देव की आत्मा की चिरशांति की प्रार्थना की है।

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्व. देव के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि उनके निधन से परिवार ने अपना मार्गदर्शक खो दिया है। यह अत्यंत दु:खद घड़ी है। प्रभु श्रीराम स्व. जमींदार साहब की आत्मा को साकेतपुर में स्थान प्रदान करें और शोक-संतप्त परिजनों को यह असीम दु:ख सहन करने का धैर्य व संबल प्रदान करें।

    छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में छोटे जमींदार साहब के देहांत को अत्यंत दु:खद और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए परमपिता परमेश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को शांति व शोकाकुल परिजनों को यह गहन पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

    उपनुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के पिता श्री लक्ष्मी नारायण देव ने निधन पर शोक व्यक्त किया एवं ईश्वर से विनती की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करे एवं शोकाकुल परिजनों को सबल प्रदान करे ।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि छोटे जमींदार साहब के दु:खद देहावसान का समाचार हृदय को विदीर्ण करने वाला है। श्री शर्मा ने भगवान से प्रार्थना की है कि वे मृतात्मा को चिरशांति और देव-परिवार को यह गहन दु:ख सहने की शक्ति व संबल प्रदान करें।

    यह भी पढ़ें : 31 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा होगी स्थापित! मानस मंडलियों का जारी हुए 1 करोड़ 14 लाख रुपए