आप का ‘भूपेश’ पर आरोपों की ‘झड़ी’!, दागे ‘अधूरे’ वादों पर सवाल

By : madhukar dubey, Last Updated : May 5, 2023 | 6:13 pm

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने एक मीडिया संस्थान को दिए साक्षात्कार में दावा किया है कि उन्होंने पिछले साल कोई कर्ज नहीं लिया है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी (Komal Hupendi) ने भूपेश सरकार को जमकर घेरा है। कोमल हुपेंडी ने कहा कि शायद सीएम भूपेश बघेल यह भूल रहे हैं कि उन्होंने खुद विधानसभा सत्र के दौरान बताया था कि जनवरी 2023 की स्थिति में राज्य सरकार पर 82125 करोड़ रुपए का कर्ज है, लेकिन अब सीएम भूपेश बघेल भी पीएम मोदी की तरह जुमलेबाजी कर रहे हैं। पूरा प्रदेश कर्ज में डूबा हुआ है, लेकिन भूपेश सरकार हवाहवाई बात कर रही है। वे कहते हैं कि किसी योजना को ड्राप भी नहीं किया गया, लेकिन हकीकत इससे परे है।

‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पर बढ़ते कर्ज को लेकर सीएम भूपेश बघेल का बयान आया है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था ठीक है। हम आरबीआई के गाइडलाइंस के अंदर ही काम कर रहे हैं। मतलब वादे पूरे भी नहीं हो रहे हैं, प्रदेश कर्ज में डूबता जा रहा है, ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि आखिर ये पैसा कहां जा रहा है। 2019 से 2023 तक औसत प्रतिमाह 460 करोड़ रुपए ब्याज का भुगतान किया गया। दिसंबर 2018 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद विभिन्न संस्थाओं से राज्य के विकास के लिए जनवरी 2019 से जनवरी 2023 तक 54491.68 करोड़ रुपए का कर्ज लिया गया है। ये जानकारी सीएम ने खुद सदन में दी थी।

कोमल हुपेंडी ने कहा कि अब आप अंदाजा लगा सकते हैं कि मुख्यमंत्री कैमरे के सामने कुछ और बोलते हैं और सदन में कुछ और। अब सवाल खड़ा होता है कि 36 वादे पूरे भी नहीं हुए फिर भी सरकार कर्ज में डूबी है। सीएम भूपेश बघेल खुद को एक अच्छा वित्त मंत्री बताते हैं। लेकिन वे प्रदेश को कर्ज में डूबाते जा रहे हैं। भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पर कर्ज लाद रहे हैं। वे कर्ज लेकर अपनी ब्रांडिंग कर रहे हैं। देश की यह पहली सरकार है, जो कर्ज का ब्याज चुकाने के लिए कर्ज ले रही है।

कोमल हुपेंडी ने भूपेश सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि वादे पूरे नहीं हुए लेकिन उसके नाम पर पोस्टरबाजी में पैसा खर्च कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जनता के पैसे का दुरपयोग करके भेंट-मुलाकात कार्यक्रम कर रहे हैं। राज्य सरकार पर 82125 करोड़ रुपए का कर्ज है। इस पैसे का दुरूपयोग भूपेश बघेल अपनी छवि बनाने में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्ज की जो राशि इवेंट मैनेजमेंट में खर्च हो रही है, उसका सदुपयोग करते हुए रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च किया जाना चाहिए। सरकारी खर्च पर सीएम भूपेश बघेल अपनी छवि चमका रहे हैं।

भूपेश सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए ‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि कोई योजनाओं को ड्राप नहीं किया गया, लेकिन विधानसभा में उन्होंने बताया कि 36 में से 17 घोषणाएं पूरी नहीं हुईं हैं। साथ ही जिन घोषणाओं के पूरी होने की बात मुख्यमंत्री करते हैं, उनमें से भी कई योजनाएं अभी कई कारणों से अधूरी पड़ी हैं या फिर अभी साढ़े चार साल बीत जाने के बाद भी प्रक्रियाधीन है। इधर, चुनाव नजदीक आते ही फिर वादों की झड़ी लगा दी। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी पैसा कहां से आएगा ये तो बताइए?

‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी भूपेश सरकार जनता को ठगने की रणनीति कर रही है। सीएम भूपेश बघेल लगातार नई-नई घोषणाएं कर रहे हैं। वे झूठ बोलने की मशीन बन गए हैं। दिन-रात सिर्फ प्रदेश की जनता से झूठ बोल रहे हैं, वे सिर्फ गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल पहले जनता को साढ़े चार साल की सरकार का हिसाब-किताब दें, उसके बाद वे नई घोषणाओं का ऐलान करें। सरकार ने कितने युवाओं को रोजगार दिया, कितने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया गया, सरकार इसकी जानकारी दे।

इनपुट (भोजेंद्र वर्मा)