आखिर किस ‘Mission’ पर रमन सिंह!

By : madhukar dubey, Last Updated : February 3, 2023 | 9:09 am

छत्तीसगढ़। (Bilaspur) बिलासपुर की सभी विधानसभा सीटाें पर विधानसभा की चुनावी रणनीति बनाने में रमन सिंह जुटे हुए हैं। इसके लिए वे बराबर बैठक ले रहे हैं। बिलासपुर जिले की कमान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह (Dr. Raman Singh) को दिया गया है। यही वजह है कि पिछले एक माह के भीतर यहां उनका तीसरा दौरा है। इस दौरान वे जनसभा को संबोधित कर सरकार की खामियों को उजागर कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर संगठनात्मक बैठक के बहाने पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में लगे हैं। गुरुवार को जिला कार्य समिति की बैठक में नेताओं ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव को महज २४० दिन बचे हैं। ऐसे में एक-एक कार्यकर्ता को शक्ति केंद्र और बूथ लेवल पर तैयारी करना है।

भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को बेलतरा विधानसभा के ग्राम रानीगांव में हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक विषयों को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष व बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि विधानसभा चुनाव के २४० दिन हमारे हाथ में है। हमे एक-एक दिन का कलैंडर तैयार करना है और जो भी जवाबदारी संगठन से दी जा रही है उसे हर हाल में पूरा करना है।

शक्ति केन्द्रों एवं मतदान केन्द्रों को हमें सशक्त बनाना है। शक्ति केन्द्र से लेकर बूथ स्तर तक की बैठक आयोजित करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ग्राफ आमजनों के बीच पूरी तरह गिर गया है,। राज्य में भ्रष्टाचार, लूट, हत्या, डकैती, अपराध में काफी बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस ने जनता को छलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिले के प्रत्येक विधानसभा को हमें जीतना है इसलिए अभी से तैयारी करना है।

पूर्व मंत्री अमर बोले- जन-जन तक पहुंचाएं केंद्र की योजनाएं

पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि भारत सरकार का जो केन्द्रीय बजट आया है, इस बजट की सकरात्मक प्रतिक्रिया सभी जगह सुनने को मिली है। हमें सरल भाषा में आम जनता को भी बजट को बताना है। बजट में सभी वर्गो को समाहित किया गया है। युवा, महिला, व्यापारी, किसान सभी का इस बजट के प्रति सकरात्मक विचार आए हैं। केन्द्र सरकार एक-एक व्यक्ति के लिए सोच रही है। गांव की अर्थव्यवस्था में और वृद्धि हो इसके लिए इस बजट में कुछ न कुछ सभी के लिए किया गया है, जिससे गांव, गरीब और अन्नदाता किसान सभी में परिर्वतन आएगा। मेडिकल कॉलेजों में रिसर्च सेंटर खुलेगा, जिससे देश में नई क्रांति आएगी। यहां डबल इंजन की सरकार बनेगी तो विकास में तेजी आएगी।