मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर किया बस देने की घोषणा
By : hashtagu, Last Updated : January 31, 2026 | 7:11 pm
रायपुर, 31 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) आज नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में छात्रों के बीच अचानक पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर दिव्यांग छात्र रंजीत बड्डे और अन्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी, जिसने सभी उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय को एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाकर सभी छात्र अपने भविष्य को उज्जवल बना सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया और कहा कि शारीरिक कमी से कभी भी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर भगवान का विशेष आशीर्वाद होता है। बच्चों द्वारा यह पूछे जाने पर कि उन्हें विद्यालय आकर कैसा लगा, मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें बहुत खुशी हुई। एक बच्ची के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने बताया कि बचपन में उन्हें पिट्ठू, फुटबॉल जैसे खेल खेलना बहुत पसंद था।
मुख्यमंत्री ने संस्था के सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उन्हें आशीर्वाद दिया। दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुख्यमंत्री सहित राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह और आईजी सुंदरराज पी ने सराहना की।
इस विद्यालय का शुभारंभ 11 सितंबर 2023 को हुआ था और इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि से किया जा रहा है। विद्यालय का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा प्रदान करना है, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके, उनका आत्मविश्वास मजबूत हो और वे समाज में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सकें। वर्तमान में विद्यालय में 60 बच्चे अध्ययनरत हैं और यहां आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत शिक्षा, खेलकूद, योग, व्यायाम और कंप्यूटर शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हैं।




