BJP में नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं के बहाने ‘अजय चंद्राकर’ ने कांग्रेस पर कसा तंज!

By : madhukar dubey, Last Updated : June 6, 2023 | 12:41 pm

छत्तीसगढ़। बीते एक सप्ताह में 700 से अधिक लोगों ने BJP जॉइन (Join BJP) कर ली। चुनाव से ठीक पहले दोनों ही बड़ी पार्टियों में जोड़-तोड़ की सियासत जारी है। अब पिछली भाजपा सरकार में मंत्री रहे, विधायक अजय चंद्राकर (MLA Ajay Chandrakar) ने तंज कसा है। ये तंज राजनीतिक तौर पर उनके प्रतिद्वंदी दल कांग्रेस के लिए है।

मीडिया से चर्चा में भाजपा में अलग-अलग समाज और प्रोफेशन के लोगों का पार्टी जॉइन करने पर चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- पार्टी में कई समाज के प्रतिष्ठित लोगों, रिटायर्ड अधिकारियों और कलाकारों जैसे हस्तियों का आना, अच्छी बात है। मैं समझता हूं कि इससे पार्टी को फायदा होता है।

मेरी अपेक्षा ये है कि ये लोग भाजपा में कम आए हैं, उससे अधिक राष्ट्र की सेवा करने आए हैं। चंद्राकर आगे कहते हैं, भाजपा मतलब राष्ट्र की सेवा। ये एक परिवार की पार्टी नहीं है। सभी पार्टियों में एक निश्चित पद और दायरा है। यहां के कांग्रेस नेता चाहे जो कर लें, एक स्तर के बाद ऊपर नहीं जा सकते। ये सभी पार्टी में तय है। लेकिन भाजपा में आम कार्यकर्ता भी सर्वोच्च पद पर जा सकता है।

700 से ज्यादा लोग आए भाजपा में

सोमवार को कांकेर, धरसींवा, रायपुर और गरियाबंद इलाके के लोग भाजपा में आए। इसमें आदिवासी समाज के 377, वैश्य समाज के करीब 44 कारोबारी, करीब 50 लोग गरियाबंद से साहू समाज के पदाधिकारी भाजपाई बने। धरसींवा इलाके में भी दर्जनों ग्रामीणों ने भाजपा जॉइन की।

पिछले सप्ताह पंथी नृत्य के मशहूर कलाकार पद्मश्री राधेश्याम बारले के नेतृत्व में, दुर्ग संभाग रायपुर संभाग, बिलासपुर संभाग के करीब 309 कलाकारों ने भाजपा में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ी फिल्मों के एक्टर पद्मश्री अनुज शर्मा के साथ छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्रीज के एक दर्जन कलाकार, आधा दर्जन प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, प्रोडक्शन मैनेजर, एक दर्जन कृषकों सहित 52 लोग भाजपा में शामिल हुए।

धमतरी, कोरबा जैसे जिलों के कलेक्टर रहे, पूर्व संयुक्त सचिव, एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉर्म्स कमीशन के पूर्व सेक्रेटरी रिटायर्ड IAS राजपाल सिंह त्यागी भी शामिल हैं। अखिल भारतीय मरार, माली, कुशवाहा, मौर्य, सैनी महासभा छत्तीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र नायक पटेल के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग के रायपुर संभाग के 28 समाज प्रमुखों ने भी सदस्यता ली।

रायपुर संभाग के गोंड आदिवासी समाज के प्रमुख युवा समाजसेवी विजय ध्रुव के नेतृत्व में धमतरी-सिहावा क्षेत्र के साहू समाज, निषाद समाज, सेन समाज, कुर्मी समाज और अनुसूचित जाति वर्ग के 35 युवाओं ने सदस्यता ली। रायपुर नगर निगम के निर्दलीय पार्षद अमर बंसल के नेतृत्व में 28 समाजसेवी, इनके अलावा स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य, हाईकोर्ट एडवोकेट निशांत ने भी पिछले सप्ताह भाजपा की सदस्यता ली।

यह भी पढ़ें : दिल्ली के जामा मस्जिद क्षेत्र में अक्षय कुमार का जोरदार स्वागत